Asianet News Hindi | Published : Mar 9, 2022 7:04 PM IST / Updated: Mar 10 2022, 07:45 PM IST

Punjab Chunav 2022 Result: अब भगवंत मान को 'सरदारी', आप को 92 सीटें तो कांग्रेस को 18, बीजेपी को दो सीट

सार

नई दिल्ली। किसान आंदोलन से सबसे अधिक प्रभावित पंजाब के लोगों ने जनादेश देकर भविष्य की राजनीति तो तय ही कर दी साथ ही दोनों सभी पुरानी प्रतिद्वंद्वी पार्टियों को नकार कर एक बार आम आदमी पार्टी को मौका दिया है। पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 सीटों के परिणाम गुरुवार को आए। घोषित परिणामों में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत हासिल कर दो-तिहाई सीटों के साथ बड़ी बहुमत हासिल कर ली है। अपने अंतर्कलह से पूरे चुनाव भर जूझी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस को महज 18 सीटें ही मिली। कांग्रेस के दिग्गज नेता जिसमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्टल आदि को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। शिरोमणि अकाली दल को महज दो सीटें मिली हैं। अकाली दल के संरक्षक पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आदि को भी चुनाव में करारी शिकस्त मिली है। बीजेपी अपने नए गठबंधन सहयोगी पूर्व कांग्रेसी कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के सहारे भी चुनावी वैतरणी पार  न कर सकी। स्वयं कैप्टन अमरिंदर भी चुनाव हार गए हैं। बीजेपी को दो सीटों पर और बहुजन समाज पार्टी को एक सीट पर जीत मिली है। एक निर्दलीय भी चुनाव जीतने में कामयाब हुए हैं। 20 फरवरी को मतदान में कुल 1304 उम्मीदवारों के भाग्य हुआ है। 

08:13 PM (IST) Mar 10

पीएम मोदी बोले-पंजाब में बीजेपी शक्ति में रूप में उभरने वाली है यह मैं देख रहा हूं...

बीजेपी मुख्यालय दिल्ली में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेष प्रशंसा करूंगा। विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार बीजेपी का झंडा पकड़े रखा है। पंजाब में बीजेपी एक शक्ति के रूप में उभरनी है, यह मैं देख रहा हूं। पंजाब को अलगाववादी राजनीति से सतर्क रखने के लिए बीजेपी का कार्यकर्ता जान की बाजी लगाकर काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच सालों में भाजपा का हर कार्यकर्ता वहां इस दायित्व को जोरशोर से निभाने वाला है। यह विश्वास पंजाब की जनता को देना चाहता हूं। 

07:08 PM (IST) Mar 10

मैं तो यह सोचा था 2500 से जीतूंगा लेकिन जीत गया 30 हजार से अधिक वोटों से

पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जोरदार सफलता पाई है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और जलालाबाद से पार्टी प्रत्याशी सुखबीर सिंह बादल को हराने वाले आप नेता जगदीप कंबोज को बड़ी मार्जिन से जीत का यकीन ही नहीं था। जीतने के बाद जगदीप कंबोज ने कहा कि मैं 25,00 मतों (मार्जिन) से जीतने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन 30,000 से अधिक मतों से जीता। मैं इस जीत के लिए जलादाबाद के लोगों का शुक्रगुजार हूं... मुख्य फोकस बिजली, पानी के बाद शिक्षा पर होगा।

06:48 PM (IST) Mar 10

भगवंत मान पहुंचे अपने गांव, हुआ जबर्दस्त स्वागत

पंजाब में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रहे आप नेता भगवंत मान चुनाव जीतने के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे हैं। मान का जगह जगह जोरदार स्वागत हो रहा है। आम आदमी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक और घोषित मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत मान पंजाब के संगरूर जिले में अपने पैतृक स्थान सतोज गांव पहुंचे हैं। मान ने अपने निर्वाचन क्षेत्र धूरी से 82,592 वोट दर्ज किए हैं। पार्टी ने 89 सीटें जीती हैं और 3 पर आगे चल रही है।

 

06:18 PM (IST) Mar 10

प्रकाश सिंह बादल को हराने वाले ने कहा यह लोगों की जीत

पंजाब के वयोवृद्ध नेता प्रकाश सिंह बादल को लांबी से चुनाव हराने वाले आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुदियां ने कहा कि यह जीत लोगों की जीत है। युवा नया इंकलाब लेकर आया है। पहले दिन से ही लोग मेरे साथ चल पड़े और मेरा साथ दिया।

06:11 PM (IST) Mar 10

मान ने लिया जीत का सर्टिफिकेट, पचास हजार से अधिक वोटों से विजयी हुए

आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के दावेदार भगवंत मान ने जीतने के बाद संगरूर जिले में जीत का प्रमाण पत्र लिया। मान धुरी विधानसभा सीट से 58206 वोटों से चुनाव जीते हैं। 

05:53 PM (IST) Mar 10

सिद्धू और मजीठिया को हराने वाली जीवनजोत ने कहा-यह पंजाब के लोगों की जीत

आप की अमृतसर पूर्व से विधायक बनीं जीवनजोत कौर ने कहा कि यह पंजाब के लोगों की जीत है। मेरे टिकट की घोषणा 3 दिसंबर के आसपास की गई थी ... डोर-टू-डोर अभियानों के दौरान सकारात्मक संकेत मिला कि पंजाब ने पहचान की राजनीति पर काबू पा लिया है।
बता दें कि आप की अमृतसर पूर्व सीट की उम्मीदवार जीवनजोत कौर ने कांग्रेस के सिद्धू और शिरोमणि अकाली दल के विक्रमजीत सिंह मजीठिया को हराया है।

05:15 PM (IST) Mar 10

भदौर से बड़े अंतर से हारे चन्नी तो चमकौर साहिब से करीब 8 हजार वोटों से गंवाई सीट

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह दोनों सीटों पर चुनाव हार गए हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार चन्नी भदौर सीट से करीब 37558 वोटों से चुनाव हारे हैं तो चमकौर साहिब से 7942 वोटों से हार गए हैं।
 

05:07 PM (IST) Mar 10

पंजाब-दिल्ली में आप की सरकार आने पर परेशान हुए हरियाणा सीएम खट्टर, बोले-कांग्रेस अभी भी...

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज भी अधिकांश क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस ही दो राजनीतिक दल मौजूद हैं, लेकिन लोग कांग्रेस की विचारधारा में रुचि खो रहे हैं... कांग्रेस की उपस्थिति अभी भी AAP से अधिक है। उन्होंने कहा कि जल और प्रदूषण के मुद्दे और भी अधिक उठेंगे, क्योंकि दिल्ली और पंजाब में AAP हमारी पड़ोसी होगी... पानी के मुद्दे पर पंजाब-हरियाणा और जलापूर्ति के लिए दिल्ली-हरियाणा के बीच संघर्ष है। हम देखेंगे कि वे कैसे शासन करते हैं।

05:00 PM (IST) Mar 10

कांग्रेस बोली-कैप्टन अमरिंदर का साढ़े चार साल का कार्यकाल हार के लिए जिम्मेदार

पंजाब में कांग्रेस ने हार का ठीकरा पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर फोड़ा है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पंजाब में पार्टी की हार के लिए पंजाब की लीडरशिप या फिर किसी नेता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। बल्कि साढ़े चार साल तक सीएम रहे अमरिंदर सिंह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह साढ़े चार साल तक पंजाब के सीएम रहे और जनता उनसे नाराज थी। सुरजेवाला ने कहा कि कैप्टन के शासन के चलते ऐंटी-इनकम्बैंसी थी और हम उसे लेकर जनता को समझा नहीं पाए। 

03:40 PM (IST) Mar 10

सोनू सूद की बहन मालविका की हार

सोनू सूद की बहन मालविका सूद मोगा से चुनाव हार गई हैं। मालविका को डॉ.अमनदीप कौर अरोड़ा ने करीब बीस हजार वोटों से हराया है। 

03:38 PM (IST) Mar 10

बीजेपी को महाराष्ट्र में करना होगा इंतजार: शरद पवार

NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा कि पंजाब की जनता ने भाजपा और कांग्रेस को हराकर आम आदमी पार्टी को जनादेश दिया। पंजाब के किसानों के दिल में था पीएम मोदी के खिलाफ गुस्सा... बीजेपी को महाराष्ट्र में ढाई साल इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गलती नहीं है, उन्होंने अपने दम पर चुनाव लड़ा। उन्हें चुनाव परिणामों के बारे में नहीं सोचना चाहिए क्योंकि इस देश में उनका कद ऊंचा है। उन्होंने पहले से बेहतर लड़ाई लड़ी है।

02:48 PM (IST) Mar 10

शहीद भगत सिंह के गांव में मान लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने बड़ा ऐलान किया है। मान ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ भगत सिंह के गांव खटकरकलां में लूंगा, राजभवन में नहीं।

02:43 PM (IST) Mar 10

पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल चुनाव हारीं

पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल चुनाव हार गई हैं। श्रीमती भट्टल लहरा विधानसभा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार थीं।

02:40 PM (IST) Mar 10

बीजेपी की जीत इलेक्शन मैनेजमेंट की देन: संजय राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने कांग्रेस की हार और बीजेपी की जीत पर कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है, हमें अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। पंजाब में लोगों को एक और विकल्प मिला और आप को चुन लिया। भाजपा की जीत उनके चुनाव प्रबंधन की भी जीत है।
 

02:28 PM (IST) Mar 10

94 साल के बुजुर्ग नेता प्रकाश सिंह बादल को मिली हार, आप की लहर में हार गए 5 बार के मुख्यमंत्री

पंजाब के बुुजुर्ग नेता प्रकाश सिंह बादल चुनाव हार गए हैं। 94 वर्षीय नेता प्रकाश सिंह बादल अकाली दल के संरक्षक हैं। पांच बार पंजाब के सीएम रह चुके बादल 1997 से लांबी से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। 

02:16 PM (IST) Mar 10

आप की पंजाब में जीत के बाद जनता से रूबरू हुए मान, बोले: बड़े-बड़े साहब चुनाव हार गए...

पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद भगवंत मान पहली बार जनता के बीच आए। संगरूर में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी की जीत पर पंजाब की जनता को धन्यवाद दिया। संगरूर में AAP के भगवंत मान का कहना है कि पार्टी ने पंजाब में जीत हासिल की है। बड़े बादल साहिब हारे हैं, सुखबीर (बादल) जलालाबाद से हारे हैं, कैप्टन पटियाला से हारे हैं, सिद्धू और मजीठिया भी हारे हैं, चन्नी दोनों सीटों पर हारे हैं... 

 

02:12 PM (IST) Mar 10

भदौर के बाद अब चमकौर साहिब भी हारे मुख्यमंत्री चन्नी

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दूसरी सीट भी हार चुके हैं। भदौर से हार के बाद अब उनको दूसरा झटका लगा है। वह चमकौर साहिब सीट भी हार गए हैं। 

02:11 PM (IST) Mar 10

अकाली दल अध्यक्ष ने स्वीकार की हार, आप को दी बधाई

अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि हम पूरे दिल से और पूरी विनम्रता के साथ पंजाबियों द्वारा दिए गए जनादेश को स्वीकार करते हैं। मैं उन लाखों पंजाबियों का आभारी हूं जिन्होंने हम पर और शिअद-बसपा कार्यकर्ताओं को उनके निस्वार्थ परिश्रम के लिए भरोसा दिया। उन्होंने हमें जो भूमिका सौंपी है, उसमें हम नम्रता के साथ उनकी सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल के अध्यक्ष के रूप में, पंजाब में उनकी जीत पर मैं आम आदमी पार्टी और उनके नेता भगवंत मन्नी को बधाई देता हूं। मैं उन्हें सफलता के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और मुझे विश्वास है कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।

01:59 PM (IST) Mar 10

सिद्धू और मजीठिया दोनों को हरा जीवन ज्योति ने किया कमाल

अमृतसर पूर्वी से आम आदमी पार्टी की जीवन जोत कौर ने नवजोत सिंह सिद्धू तथा बिक्रमजीत सिंह मजीठिया को हराया।

01:24 PM (IST) Mar 10

भगवंत मान 45 हजार से अधिक वोटों से चुनाव जीते

पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धुरी से चुनाव जीत गए हैं। वह 45 हजार से अधिक सीटों से चुनाव जीते हैं।

01:03 PM (IST) Mar 10

भदौर की जनता ने मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को नहीं किया स्वीकार, हारे चुनाव

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौर से चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस के दलित मुख्यमंत्री चन्नी, एक दूसरे सीट चमकौर साहिब से भी पीछे चल रहे हैं।

12:42 PM (IST) Mar 10

सुखबीर सिंह बादल दस हजार से अधिक वोटों से पीछे

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद सीट पर पीछे चल रहे हैं। बादल करीब 10526 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

 

12:41 PM (IST) Mar 10

नवजोत सिंह सिद्धू ने हार को लेकर दिया बड़ा बयान, बोले यह जनादेश...

पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया कि "जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है... पंजाब की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करें... आप को बधाई!!!"

12:35 PM (IST) Mar 10

सोनू सूद की बहन मालविका पीछे

पंजाब के मोगा सीट से चुनाव लड़ रहीं कांग्रेस प्रत्याशी मालविका सूद चुनाव हार गई हैं। मालविका सदू, चर्चित अभिनेता सोनू सूद की बहन हैं। साेनू सूद, कोरोना काल में लोगों की मदद के लिए काफी चर्चित हुए थे। 

12:31 PM (IST) Mar 10

आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह ने पटियाला महराज को हराया

कांग्रेस छोड़ने के बाद नई पार्टी बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अजीत पाल सिंह ने हरा दिया है। कैप्टन करीब 13 हजार मतों से हारे हैं। पंजाब में सबसे अधिक मार्जिन से पिछला चुनाव जीतने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बार कांग्रेस के बगैर चुनाव मैदान में थे। पटियाला के महाराजा कैप्टन अमरिंदर सिंह, लोकसभा चुनाव में बीजेपी के दिग्गज अरूण जेटली को भी चुनाव हरा चुके हैं। 

12:19 PM (IST) Mar 10

हार गए कैप्टन, पंजाब में सबसे अधिक मार्जिन से जीते थे पिछला चुनाव

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस छोड़कर कैप्टन ने नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई थी। पंजाब लोक कांग्रेस का बीजेपी के साथ गठबंधन था।

12:16 PM (IST) Mar 10

पंजाब में तीन परिणाम सामने आए, इनको मिली जीत

पंजाब में तीन सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। सुनाम सीट से अमन अरोड़ा जीत गए हैं। पठानकोट से अश्वनी शर्मा और कपूरथला से कांग्रेस के राणा गुरजीत सिंह सोढ़ी चुनाव जीत चुके हैं।

12:14 PM (IST) Mar 10

सिसौदिया बोले-पंजाब को भी दिल्ली जैसा बनाएंगे

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के लिए दी बधाई। सिसौदिया ने कहा, 'दिल्ली मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान, पंजाब को बना देंगे दिल्ली जैसा।

12:11 PM (IST) Mar 10

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में जीत को बताया इंकलाब

पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इंकलाब बताया है। उन्होंने पार्टी के पंजाब के चेहरे भगवंत मान के साथ फोटो साझा कर बधाई दी है। 

 

11:53 AM (IST) Mar 10

कांग्रेस में आरोपों का दौर शुरू डिंपा ने माकन व हरीश चौधरी को घेरा

पंजाब में आम आदमी पार्टी की आंधी के बीच अब एक बार फिर कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। खंडूर साहिब से कांग्रेस सांसद जसबीर डिंपा ने सीधे तौर पर इस हार के लिए पंजाब कांग्रेसी इंचार्ज हरीश चौधरी और स्क्रीनिंग कमेटी चेयरमैन अजय माकन को जिम्मेदार करार दिया है। उनहोंने यहां तक आरोप लगा दिया कि दोनों नेता कांग्रेस की इस हालत के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नोट लेकर टिकट दिए गए, इसलिए कांग्रेसी आज इस स्थिति में है। डिंपा ने इससे पहले भी इन नेताओं पर आरोप लगाया था।

11:21 AM (IST) Mar 10

पंजाब में आप एकतरफा जीत की ओर

पंजाब में आम आदमी पार्टी जबर्दस्त जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है। 117 सीटों वाली पंजाब राज्य विधानसभा में आप 90 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को जोरदार झटका मिला है। कांग्रेस महज 14 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। प्रमुख प्रतिद्वंद्वी रहे शिरोमणि अकाली दल 9 और बीजेपी गठबंधन तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। 

10:46 AM (IST) Mar 10

पंजाब के ये दिग्गज हो गए पीछे

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, राजिंदर कौर भट्टल, प्रकाश सिंह बादल समेत कई दिग्गज पीछे चल रहे हैं। 

10:36 AM (IST) Mar 10

सिद्धू व मजीठिया पीछे, आप प्रत्याशी जीवन ज्योत कौर आगे

अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आप की जीवन ज्योत कौर आगे, कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू और शिरोमणि अकाली दल के बिक्रम मजीठिया पीछे चल रहे हैं।

10:25 AM (IST) Mar 10

आप 88 सीटों पर बढ़त, बहुमत से काफी आगे

आम आदमी पार्टी 88 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस यहां 12 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि अकाली दल गठबंधन 11 सीटों पर तो बीजेपी गठबंधन 5 सीट पर आगे चल रही है।

10:10 AM (IST) Mar 10

आम आदमी उठता है तो शक्तिशाली सिंहासन हिल जाता

आप के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि हम 'आम आदमी' हैं लेकिन जब 'आम आदमी' उठता है तो सबसे शक्तिशाली सिंहासन हिलते हैं। आज भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है, सिर्फ इसलिए नहीं कि आप एक और राज्य जीत रही है, बल्कि इसलिए कि यह एक राष्ट्रीय ताकत बन गई है। आप कांग्रेस की जगह लेगी।

10:03 AM (IST) Mar 10

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों पर पीछे

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी अपने दोनों सीटों से पीछे चल रहे हैं। चन्नी दो सीटों से चुनावी समर में उतरे थे। वह चमकौर साहिब के साथ साथ भदौर से भी चुनाव लड़ रहे हैं। चमकौर साहिबा व भदौर दोनों से वह पीछे चल रहे हैं।

09:50 AM (IST) Mar 10

आप 82 सीटों पर आगे

आम आदमी पार्टी 82 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस यहां 18 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि अकाली दल गठबंधन 9 सीटों पर तो बीजेपी गठबंधन 4 सीट पर आगे चल रही है।

09:48 AM (IST) Mar 10

फिरोजपुर देहाती से आप के रजनीश दहिया, मोहाली से सरदार कुलवंत सिंह आगे

फिरोजपुर देहाती से आम आदमी पार्टी के रजनीश दहिया लगभग 7000 वोट से आगे चल रहे हैं। मोहाली के माल विधानसभा के दूसरे राउंड में आम आदमी पार्टी सरदार कुलवंत सिंह अभी भी लीड कर रहे हैं और दूसरे नंबर पर कांग्रेस चल रही है।

09:41 AM (IST) Mar 10

रूझान में पंजाब में आप को बहुमत...

आम आदमी पार्टी 72 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस यहां 15 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि अकाली दल गठबंधन 9 सीटों पर तो बीजेपी गठबंधन 5 सीट पर आगे चल रही है।

09:40 AM (IST) Mar 10

फिरोजपुर से फौजा सिंह 1700 वोटों से आगे

फिरोजपुर के गुरु हर सहाय सिंह से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार फौजा सिंह सरारी लगभग 1700 वोट से आगे जा रहे हैं।