Uttarakhand Chunav: उत्तराखंड के 70 सीटों के लिए मतदान आज, BJP के सामने सत्ता बचाने की चुनौती

उत्तराखंड में 70 सीटों पर हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक राज्य के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनाव में अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित करने से परहेज किया है। 

Asianet News Hindi | Published : Feb 13, 2022 8:27 PM IST

देहरादून। उत्तराखंड में 70 सीटों पर हो रहे विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Election 2022) के लिए आज मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक राज्य के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। उत्तराखंड ने पिछले दो दशक में 11 मुख्यमंत्री देखे हैं। भाजपा के सामने राज्य में अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है। भाजपा ने पिछले पांच वर्षों में राज्य में तीन मुख्यमंत्रियों को बदला है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनाव में अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित करने से परहेज किया है। 

बीजेपी ने 11 कैबिनेट मंत्रियों और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन कौशिक को चुनाव मैदान में उतारा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी तीसरी बार खटीमा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल कांग्रेस के जयेंद्र चंद रमोला के खिलाफ ऋषिकेश से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने हरिद्वार सीट से मौजूदा विधायक और पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक को मैदान में उतारा है। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने चुनौती दी है। 

लालकुवा से चुनाव लड़ रहे हैं हरीश रावत 
राज्य में कांग्रेस के अभियान का नेतृत्व हरीश रावत कर रहे हैं। वह उत्तराखंड में पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष भी हैं। पिछले तीन चुनाव लगातार हारने वाले रावत इस बार नए विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें लालकुवा सीट से टिकट दिया गया है, जहां वे भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। 

रावत के अलावा, कांग्रेस हल्द्वानी विधानसभा सीट के नतीजे पर करीब से नजर रखेगी, जहां पार्टी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंदिरा हृदयेश के बेटे सुमित हृदयेश को मैदान में उतारा है। इंदिरा हृदयेश का पिछले साल निधन हो गया था। कांग्रेस के सुमित का सामना भाजपा के जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला से है। वह दो बार हल्द्वानी के मेयर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने राज्य के सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। आप के मुख्यमंत्री पद का चेहरा अजय कोठियाल हैं। 

वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी। बता दें कि 2017 में उत्तराखंड में हुए चुनाव में भाजपा को 70 में से 57 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस को सिर्फ 11 सीटें मिली थी। वहीं, 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव में कामयाबी पाई थी।

 

ये भी पढ़ें

कांग्रेस में किसी को भी मुझे सीएम बनाने पर आपत्ति नहीं, वोटिंग से एक दिन पहले हरीश रावत का बड़ा बयान

उत्तराखंड की पोलिंग पार्टियों का जोश हाई, बूथों पर पहुंचने पार किए भारी बर्फ और दुर्गम रास्ते, देखें तस्वीरें

उत्तराखंड चुनाव: योगी आदित्यनाथ का राहुल गांधी पर हमला, कहा- खुद की पहचान संदिग्ध, हिंदुओं को परिभाषा बता रहे

Share this article
click me!