23 अक्टूबर को बॉक्स ऑफिस पर होगा महाक्लैश, रिलीज होंगी ये 8 धाकड़ मूवी

Published : Oct 20, 2026, 01:50 PM IST
8 movies release 23rd october

सार

इस शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दर्शकों के पास मनोरंजन के कई ऑप्शन होंगे। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की कॉमेडी-ड्रामा ‘उड़ता तीर’ समेत 8 मूवी रिलीज होंगे। आइए बताते हैं, नाम।

अगर आप मूवी देखने के शौकीन हैं, तो 23 अक्टूबर आपके लिए खास होने वाला है। इस बार सिनेमाघर में 8 हिंदी मूवी रिलीज होने जा रही है। जिसमें आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की कॉमेडी-ड्रामा ‘उड़ता तीर’ से लेकर सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की ‘तू है मेरी किरण’ तक शामिल हैं। इस हफ्ते आपको रोमांस, कॉमेडी, थ्रिलर, स्पोर्ट्स ड्रामा और पारिवारिक कहानी देखने को मिलेगी। अगर आप इस हफ्ते थिएटर में फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो जानिए रिलीज होने वाली फिल्मों की कहानी और स्टार कास्ट।

‘उड़ता तीर’ (Udta Teer)

आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान पहली बार साथ नजर आएंगे। फिल्म की कहानी बिलाल नाम के एक पाकिस्तानी अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गुप्त मिशन पर भारत आता है। एक हादसे में उसकी याददाश्त चली जाती है और इसके बाद कहानी में कॉमेडी और उलझनों का सिलसिला शुरू होता है। फिल्म में गुलशन ग्रोवर, राहुल बोस, राम कपूर और बृजेंद्र काला भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह कॉमेडी-ड्रामा 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।

‘तू है मेरी किरण’ (Tu Hai Meri Kiran)

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ प्यार और जुनून की कहानी पेश करेगी। फिल्म में समर और किरण के रिश्ते की शुरुआत भावनात्मक जुड़ाव से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह रिश्ता जुनून और खतरनाक हद तक बढ़ते लगाव की तरफ मुड़ जाता है। करण रावल के निर्देशन में बनी इस सुपरनैचुरल रोमांटिक थ्रिलर में प्यार और अधिकार जताने के बीच की महीन रेखा को दिखाया जाएगा। फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी।

‘पहला प्यार दूसरी बार’ (Pehla Pyaar Doosri Baar)

रोमांटिक कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए ‘पहला प्यार दूसरी बार’ एक विकल्प है। अनुज सैनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म छह स्कूली दोस्तों की कहानी है, जो पढ़ाई पूरी करने के करीब दस साल बाद एक छुट्टी के दौरान फिर मिलते हैं। पुरानी यादों और रिश्तों के बीच उनकी जिंदगी में नए मोड़ आते हैं। फिल्म में अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य और सरगुन कौर लूथरा अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म भी 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।

‘तुम मेरे हो’ (Tum Mere Ho)

गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की फिल्म ‘तुम मेरे हो’ एक जुनूनी स्काईडाइवर की प्रेम कहानी पर आधारित है। प्यार मिलने के बाद उसकी जिंदगी बदल जाती है और वह शादी तक पहुंचता है, लेकिन रिश्ते में आने वाले उतार-चढ़ाव कहानी को नया मोड़ देते हैं। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शान आर. ग्रोवर और अनुष्का लुहार भी नजर आएंगे। इसकी रिलीज डेट 23 अक्टूबर 2026 है।

और पढ़ें: New OTT Releases This Week: 'द पैराडाइज' से 'डोरोथी' तक, इस हफ्ते रिलीज होंगी ये 8 फिल्में-सीरीज

‘मैं ना रहा मेरा’ (Main Na Raha Mera)

अध्ययन सुमन और दिविता राय की ‘मैं ना रहा मेरा’ अधूरे प्यार और वक्त के साथ बदलते रिश्तों की कहानी है। फिल्म में राज को सिमरन से प्यार होता है, लेकिन उसका प्यार एकतरफा रह जाता है। करीब 12 साल बाद दोनों की मुलाकात सिमरन की शादी में होती है, जिसके बाद पुरानी यादें फिर सामने आती हैं। अमित कसारिया के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘काली खेती’ (Kaali Kheti)

अगर आपको हॉरर और थ्रिलर फिल्मों में दिलचस्पी है, तो ‘काली खेती’ पर नजर रख सकते हैं। ग्रामीण परिवेश की पृष्ठभूमि में बनी इस फिल्म में रहस्य और डर का माहौल देखने को मिलेगा। फिल्म में जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी अहम भूमिकाओं में हैं। हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।

‘दूसरा’ (Doosra)

अभिनय देव के निर्देशन में बनी ‘दूसरा’ खेल और सामाजिक बदलाव की कहानी को जोड़ती है। इसकी पृष्ठभूमि साल 2002 के ऐतिहासिक नेटवेस्ट फाइनल से जुड़ी है, जब इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम की जीत देशभर में चर्चा का विषय बनी थी। फिल्म में क्रिकेट के उस यादगार पल के साथ एक छोटी लड़की के अपनी बात कहने का साहस भी दिखाया गया है। फिल्म में प्लाबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा जोशी और कृष्णा गोकानी नजर आएंगे। ‘दूसरा’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘लिटिल थॉमस’ (Little Thomas)

‘लिटिल थॉमस’ एक पारिवारिक कॉमेडी है, जिसकी कहानी 1990 के दशक के गोवा में बसती है। सात साल का थॉमस अपने दोस्तों को भाई-बहनों के साथ देखकर अकेलापन महसूस करता है। वह खुद भी छोटा भाई चाहता है और अपने माता-पिता के झगड़े खत्म कराकर परिवार में सब कुछ ठीक करने की कोशिश करता है। इस फिल्म में रसिका दुग्गल, गुलशन देवैया और बाल कलाकार हृदांश पारेख समेत कई कलाकार हैं।

और पढ़ें: The Paradise OTT Release: ‘धुरंधर 2’ की राह पर नानी! ‘द पैराडाइज’ के OTT वर्जन के लिए तैयार किया गया नया प्लान

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

दलेर मेहंदी पर आरोप लगाने वालों को मीका सिंह का जवाब, बोले- पहले सच तो जान लीजिए
अक्षरा सिंह से प्यार, फिर ज्योति से शादी..पवन सिंह की जिंदगी में कैसे आया रिश्तों का तूफान?