
मुंबई। बॉलीवुड में मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहलाने वाले आमिर खान 61 की उम्र में तीसरी शादी करने जा रहे हैं। हालांकि, बॉलीवुड में एक से ज्यादा शादियां करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन फिर भी गौरी स्प्राट के साथ आमिर की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मचा है। बता दें कि 80 साल के कबीर बेदी एक-दो नहीं बल्कि 4 शादियां कर चुके हैं। इतना ही नहीं, उनके कई अफेयर भी रहे हैं।
16 जनवरी 1946 को लाहौर (अब पाकिस्तान) में जन्मे एक्टर कबीर बेदी ने 15 जनवरी 2016 को अपने 70वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले ब्रिटिश मूल की एक्ट्रेस और मॉडल परवीन दोसांज से शादी की थी। परवीन, कबीर बेदी की चौथी पत्नी हैं और उम्र में उनसे 29 साल छोटी हैं। दिलचस्प बात यह है कि परवीन दोसांज की उम्र कबीर की बेटी पूजा बेदी से सिर्फ 4 साल कम है। शादी से पहले कबीर और परवीन करीब 10 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे।
कबीर बेदी ने साल 1969 में मशहूर डांसर प्रोतिमा बेदी से पहली शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे बेटी पूजा बेदी और बेटा सिद्धार्थ हुए। हालांकि, प्रोतिमा से कबीर बेदी का रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और करीब पांच साल बाद 1974 में उनका तलाक हो गया। बाद में बेटे सिद्धार्थ की मौत ने कबीर और प्रोतिमा दोनों को गहरा सदमा दिया। कुछ समय बाद प्रोतिमा की भी एक हादसे में मृत्यु हो गई।
प्रोतिमा बेदी से अलग होने के बाद कबीर बेदी का नाम एक्ट्रेस परवीन बाबी के साथ जुड़ा। दोनों ने कुछ समय तक साथ वक्त बिताया और परवीन बाबी कबीर के साथ हॉलीवुड तक भी गईं। बताया जाता है कि बाद में कबीर अपने काम में काफी व्यस्त रहने लगे, जिससे परवीन बाबी को लगा कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए।
परवीन बाबी से अलग होने के बाद कबीर बेदी ने ब्रिटिश फैशन डिजाइनर सुसैन हम्फ्रेस से दूसरी शादी की। इस शादी से उनका एक बेटा एडम हुआ, जो इंटरनेशनल मॉडल हैं। हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और दोनों का तलाक हो गया।
साल 1992 में कबीर बेदी ने तीसरी शादी टीवी और रेडियो प्रेजेंटर निक्की से की। करीब 13 साल साथ रहने के बाद 2005 में दोनों का तलाक हो गया। इस शादी से उनकी कोई संतान नहीं है। निक्की से अलग होने के बाद कबीर परवीन दोसांज के साथ रिलेशनशिप में आ गए।
निक्की से अलग होने के बाद कबीर बेदी और परवीन दोसांज करीब 10 साल तक रिलेशनशिप में रहे। इस दौरान दोनों लिव-इन में भी रहे। इसके बाद 15 जनवरी 2016 को दोनों ने शादी कर ली। यह शादी कबीर बेदी के 70वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले हुई थी। परवीन दुसांज जहां अभी 51 साल की हैं, वहीं कबीर बेदी 80 साल के हो चुके हैं।
कबीर बेदी एक्टर आफताब शिवदासानी के साढ़ू भाई हैं। दरअसल, कबीर की पत्नी परवीन दोसांज और आफताब की पत्नी निन दोसांज सगी बहनें हैं। आफताब और निन दोसांज ने 11 जून 2014 को शादी की थी। परवीन बड़ी बहन हैं, जबकि निन उनसे छोटी हैं।
कबीर बेदी और परवीन दोसांज की पहली मुलाकात लंदन में हुई थी। उस समय कबीर सेंट्रल लंदन के शेफ्ट्सबरी थिएटर में एक नाटक कर रहे थे। परवीन अपने दोस्तों के साथ वह नाटक देखने पहुंची थीं। शो खत्म होने के बाद सभी ने कबीर से मुलाकात की और बातचीत के दौरान परवीन उनकी ओर आकर्षित हो गईं। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई, जो आगे चलकर रिश्ते में बदल गई।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।