
आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्टर ने पुष्टि की है कि वह 5 जुलाई को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी करने जा रहे हैं। यह 61 साल के आमिर की तीसरी शादी होगी। हालांकि, किसी भव्य समारोह की बजाय उन्होंने बेहद साधारण तरीके से घर पर रजिस्टर्ड मैरिज करने का फैसला लिया है। एक्टर का कहना है कि वह और गौरी अपने रिश्ते को अगले पड़ाव पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसी बीच आमिर खान की होने वाली तीसरी बीवी गौरी स्प्रैट को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
आमिर खान ने अपनी शादी की तारीख की पुष्टि करते हुए बताया कि वह 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ शादी करने वाले हैं। एक्टर ने कहा कि सेरेमनी बेहद निजी और सादगीपूर्ण होगी। डेक्कन क्रॉनिकल से बातचीत में आमिर खान ने कहा, "यह घर पर होने वाली बहुत ही साधारण रजिस्टर्ड मैरिज होगी। इसमें सिर्फ दोनों परिवारों के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त शामिल होंगे। हम दोनों इसे बहुत सादा रखना चाहते हैं।" फिलहाल मेहमानों की सूची को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर के अन्य करीबी फिल्मी दोस्त इस सेरेमनी का हिस्सा बनेंगे या नहीं।
आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर आमिर खान ने पहली बार गौरी स्प्रैट को मीडिया से मिलवाया था और अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। शादी के फैसले पर बात करते हुए आमिर ने कहा, "हां, यह सच है। अब हम दोनों को लगता है कि हम अपने रिश्ते को अगले स्तर पर ले जाने के लिए तैयार हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। गौरी और मैं एक-दूसरे को लेकर बेहद गंभीर हैं और हमारे बीच मजबूत प्रतिबद्धता है। हम जीवनसाथी की तरह साथ हैं। मेरे दिल में तो मैं पहले से ही उनसे शादीशुदा महसूस करता हूं।"
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु से ताल्लुक रखती हैं और वेलनेस तथा ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। वह फिलिप स्प्रैट की पोती हैं, जो ब्रिटेन में जन्मे थे और 1920 के दशक में भारत आए थे। बाद में वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से भी जुड़े। गौरी की पहले शादी हो चुकी है और उनके सात साल के बेटे क्विन भी हैं।
गौरी स्प्रैट के साथ यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। आमिर की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और आयरा खान हैं। बाद में दोनों अलग हो गए, लेकिन आज भी उनके संबंध सौहार्दपूर्ण बताए जाते हैं। इसके बाद आमिर ने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। 16 साल साथ रहने के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया। हालांकि दोनों आज भी अपने बेटे आजाद की परवरिश मिलकर कर रहे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।