
'कहीं तो होगा' से घर-घर में पहचान बनाने वाली टीवी एक्ट्रेस आमना शरीफ इन दिनों अपने एक इमोशनल खुलासे को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान उन्होंने बचपन में झेली गई परेशान करने वाली घटनाओं पर खुलकर बात की। आमना ने बताया कि कम उम्र में उन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट के दौरान अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा था। एक्ट्रेस के मुताबिक, उस समय उन्हें समझ ही नहीं आता था कि ऐसी परिस्थितियों में कैसे रिएक्ट किया जाए। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग उनकी हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।
आमना शरीफ ने Hauterrfly से बातचीत के दौरान बताया कि बचपन में कुछ ऐसी घटनाएं हुई थीं जिन्हें वह आज तक नहीं भूल पाई हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में पब्लिक प्लेसेस पर उनके साथ अनुचित व्यवहार हुआ था। उस दौर में बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ जैसी चीजों के बारे में जागरूक नहीं किया जाता था, जिसके कारण स्थिति को समझना और उससे निपटना और भी मुश्किल हो जाता था। आमना ने कहा,
मुंबई में बस और ट्रेन में यात्रा करते समय कुछ लोगों ने मुझे गलत तरीके से छूने की कोशिश की। उस उम्र में आपको पूरी तरह समझ नहीं आता कि आपके साथ क्या हो रहा है। आपको सिर्फ इतना महसूस होता है कि कुछ गलत है, लेकिन आप यह नहीं जानते कि खुद का बचाव कैसे करें।
43 साल की आमना शरीफ ने बचपन का ही दर्दनाक किस्सा शेयर करते हुए बताया कि जब वे बहुत छोटी थीं, तब मुंबई में कुछ अन्य लड़कियों के साथ गणित की ट्यूशन पढ़ने जाया करती थीं। एक दिन जब वे ट्यूशन से बाहर निकलीं, तो उन्होंने देखा कि एक आदमी पेंट उतारकर उनके सामने खड़ा है। उनके मुताबिक़, यह दृश्य देखकर सभी लड़कियां बुरी तरह डर गईं और कांपने लगीं। बकौल आमना, “हम सभी छोटी बच्चियां थीं, इसलिए डर के मारे तुरंत अपने टीचर के पास भाग गईं।” उन्होंने यह भी बताया कि उस दौर में इस तरह की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती थीं, जो उनके लिए बेहद डरावनी और असहज करने वाली थीं।
एक्ट्रेस ने बताया कि इन अनुभवों का असर उनकी सोच पर आज भी है। उन्होंने कहा कि मां बनने के बाद वह अपने बच्चे को लेकर काफी ज्यादा सतर्क हो गई हैं। आमना के अनुसार, जब वह सोचती हैं कि वह इतनी प्रोटेक्टिव क्यों हैं, तो उन्हें अपने बचपन के वही अनुभव याद आ जाते हैं।
आमना शरीफ ने बातचीत में सिर्फ बचपन की घटनाओं पर ही नहीं, बल्कि अपने जीवन के दूसरे संघर्षों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, मां बनने के बाद उन्हें इंडस्ट्री में यह तक कहा गया कि अब उनका करियर खत्म हो चुका है। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार आगे बढ़ती रहीं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।