
ऐश्वर्या राय बच्चन की खूबसूरती और एक्टिंग के चर्चे तो पूरी दुनिया में हैं, लेकिन उनके करियर की शुरुआत से जुड़ी एक बात शायद आपको हैरान कर देगी। मिस वर्ल्ड बनने से पहले ही ऐश्वर्या के पास फिल्मों के कई ऑफर आ चुके थे। यानी फिल्मों में एंट्री के लिए उन्हें किसी ब्यूटी पेजेंट के खिताब का इंतजार नहीं करना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने उस समय फिल्मों में कदम रखने के बजाय मिस इंडिया में हिस्सा लेने का फैसला किया। आखिर ऐसा क्या था, जिसने ऐश्वर्या को यह रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया?
ऐश्वर्या राय ने खुद एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से पहले ही उन्हें कम से कम चार फिल्मों के ऑफर मिल चुके थे। वोग इंडिया को 2012 में दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि आमतौर पर लोग उन्हें ब्यूटी पेजेंट से फिल्मों में आने वाली एक्ट्रेस मानते हैं, लेकिन उनकी कहानी इससे अलग थी। उन्होंने कहा था,
मुझे अक्सर ऐसी शख्सियत के तौर पर बताया जाता है, जिसने ब्यूटी पेजेंट से फिल्मों में आने का रास्ता बनाया, लेकिन मेरे मामले में ऐसा नहीं था। पेजेंट में हिस्सा लेने से पहले ही मेरे पास कम से कम चार फिल्मों के ऑफर थे। दरअसल, मैंने कुछ समय के लिए फिल्म इंडस्ट्री से पीछे हटने के लिए मिस इंडिया में हिस्सा लेने का फैसला किया था। अगर मैंने मिस इंडिया में हिस्सा नहीं लिया होता, तो मेरी पहली फिल्म 'राजा हिंदुस्तानी' होती।
यह भी पढ़ें : देश की दूसरी सबसे अमीर एक्ट्रेस, कभी कमाती थी 1500 रुपए, आज है 900 करोड़ की मालकिन
ऐश्वर्या के इस फैसले के पीछे उनकी पढ़ाई और परिवार की सोच भी अहम थी। वह उस समय आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रही थीं और अभिनय की दुनिया उनके परिवार के लिए बिल्कुल नया क्षेत्र था। रेडिफ को दिए एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह एक सामान्य मिडिल क्लास परिवार से आती थीं, जहां किसी का फिल्म या एक्टिंग से जुड़ाव नहीं था। मॉडलिंग भी उनके लिए शुरुआत में नया अनुभव थी। वह इसे पढ़ाई के साथ पार्ट टाइम कर रही थीं और उस समय अपनी पढ़ाई को लेकर गंभीर थीं।
ऐश्वर्या ने 1994 में मिस इंडिया और फिर मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने बताया था कि कॉलेज में उनके सम्मान में हुए कार्यक्रम के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि अब वह पहले की तरह एक सामान्य छात्रा बनकर नहीं रह सकतीं। इसके बाद कॉलेज दोबारा खुलने तक मिले करीब छह महीने के समय में उन्होंने फिल्मी ऑफर्स पर विचार करना शुरू किया। उन्होंने यह भी बताया था कि मणिरत्नम उन्हें बॉम्बे, धर्मेश दर्शन राजा हिंदुस्तानी और यश चोपड़ा व सुभाष घई उन्हें फिल्मों में लॉन्च करना चाहते थे।
ऐश्वर्या ने 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'इरुवर' से अभिनय की शुरुआत की। इसी साल वह हिंदी फिल्म 'और प्यार हो गया' में भी नजर आईं। हालांकि, उनके पुराने इंटरव्यू के मुताबिक, अगर वह मिस इंडिया में हिस्सा नहीं लेतीं तो आमिर खान स्टारर 'राजा हिंदुस्तानी' उनकी पहली फिल्म हो सकती थी। यह दिलचस्प है कि जिस फिल्मी दुनिया से उन्होंने शुरुआत में कुछ दूरी बनाने का फैसला किया था, उसी में आगे चलकर वह देश की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।