
अजय देवगन ने एक बार फिर अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। उनकी नई फिल्म 'चौहान' का आधिकारिक ऐलान हो गया है और इसकी पहली झलक ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है। जियो स्टूडियोज और कलर येलो के बैनर तले बन रही इस एक्शन एंटरटेनर को आनंद एल राय प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी नीरज यादव संभाल रहे हैं। फिल्म की घोषणा के साथ सामने आए वीडियो को इंडस्ट्री के सबसे साहसी और अनोखे अनाउंसमेंट्स में से एक बताया जा रहा है। खास बात यह है कि अजय देवगन इस फिल्म में ऐसे अवतार में नजर आएंगे, जिसकी कल्पना भी शायद दर्शकों ने नहीं की होगी।
फिल्म इंडस्ट्री में अजय देवगन अपनी अलग तरह की भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं, लेकिन 'चौहान' में उनका नया लुक और किरदार चर्चा का केंद्र बन गया है। फिल्म की घोषणा के साथ यह साफ हो गया है कि मेकर्स दर्शकों को कुछ नया और बड़े पैमाने का सिनेमाई अनुभव देने की तैयारी में हैं। जियो स्टूडियोज ने अजय देवगन के पिता वीरू देवगन की बर्थ एनिवर्सरी पर फिल्म का ऐलान करते हुए लिखा, "दिवंगत वीरू देवगन जी की जयंती पर हम अपने ओरिजिनल एक्शन स्टार अजय देवगन को एक ऐसे एक्शन एंटरटेनर के साथ वापस ला रहे हैं, जिसे खास तौर पर बड़े पर्दे के लिए बनाया गया है।वीरू जी, भारतीय एक्शन सिनेमा को आपकी अमूल्य देन और उस विरासत के लिए धन्यवाद, जो आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है।"
'चौहान' का 2.24 मिनट का टीजर देखने के बाद ऐसा लगता है कि यह कहानी एक ऐसे जवान के इर्द-गिर्द होगी, जो जम्मू-कश्मीर में फैले आतंकवाद को ख़त्म करने के मिशन पर है। टीजर की शुरुआत में 2018 में हुए पुलवामा हमले का उल्लेख है। इसी बीच आवाज़ गूंजती है और सुनाई देता है,"चौराहे पर 300 लड़के थे मेजर, घर सिर्फ 270 ही पहुंचे। 30 लड़के कम हैं?" जवाब में अजय देवगन की आवाज़ सुनाई देती है। वे कहते हैं, “गलती हमारी नहीं थी। ऑर्डर्स ऊपर से आए थे...ईंट का जवाब पत्थर से, पर सामने वाला सीधा पत्थर ही उठा ले तो जवाब क्या? टियर गैस...मास्क ऑनलाइन बिकते हैं, पैलेट गन...लिमिटेड डैमेज, वाटर कैनन ...टेम्पररी सॉल्युशन। 75 साल, 15 लाख फौजी, 35 हजार करोड़ का इंवेस्टमेंट, उसके बाद भी पत्थर का जवाब नहीं।”
कहानी आगे बढ़ती है और एक आतंकी को कश्मीर की आवाम को भड़काते दिखाया जाता है, लेकिन तभी 'जुम्मा चुम्मा' गाना इसे दिलचस्प ट्विस्ट दे देता है। आखिर में अजय देवगन का लुक दिखता है। वे कहते हैं, "75 साल बाद जवाब आ रहा है, पठानों से कहना चौहान आ रहा है।"
फिल्म को आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस कलर येलो और जियो स्टूडियोज मिलकर पेश कर रहे हैं। निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं। आनंद एल राय इससे पहले 'तनु वेड्स मनु', 'रांझणा' और 'अतरंगी रे' जैसी चर्चित फिल्मों से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। मेकर्स ने फिलहाल कहानी और बाकी स्टारकास्ट को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि अनाउंसमेंट वीडियो और शुरुआती प्रतिक्रियाओं को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म बड़े बजट और हाई-ऑक्टेन एक्शन के साथ तैयार की जा रही है। यह एक्शन एंटरटेनर 1 अक्टूबर 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।