
'कौन बनेगा करोड़पति'18वें सीजन के साथ टीवी पर लौटने जा रहा है। शो के प्रीमियर से पहले अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में ऐसा खुलासा किया, जिसने फैंस को हैरान कर दिया। 83 साल के एक्टर ने बताया कि उन्होंने इस शो के लिए लगातार 24 घंटे तक शूटिंग की। बिग बी के मुताबिक, शो की लॉन्च डेट पहले ही घोषित हो चुकी थी, इसलिए शूटिंग टालने का कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर शूटिंग मिस कर देते तो शायद उनकी जगह किसी और को होस्ट बना दिया जाता।
'कौन बनेगा करोड़पति 18' का प्रीमियर 10 अगस्त को रात 9 बजे Sony Entertainment Television और OTT प्लेटफॉर्म Sony LIV पर होगा। शो सोमवार से शुक्रवार तक टेलीकास्ट किया जाएगा। इस बार सीजन की थीम 'सोचना पड़ेगा' रखी गई है, जो जानकारी के साथ सही विश्लेषण और सोच की अहमियत पर जोर देती है।
यह भी पढ़ें : अमिताभ बच्चन का वो दोस्त, जिसने उनकी सलामती के लिए चीर दिया था अपना सीना!
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया कि KBC 18 के लिए सुबह 7 बजे शुरू हुआ काम अगले दिन सुबह 7 बजे जाकर खत्म हुआ। उन्होंने लिखा, "आज सुबह 7 बजे वह काम खत्म हुआ, जो कल सुबह 7 बजे शुरू हुआ था। लेकिन उसकी प्रस्तुति और समय पर पूरा होना बेहद जरूरी था, इसलिए काम पूरा किया।" बिग बी ने आगे मजाकिया अंदाज़ में लिखा, "KBC की पहली टेलीकास्ट डेट घोषित हो चुकी है। अगर वह छूट जाती तो मेरी जगह किसी और को नौकरी मिल जाती। इसलिए जो जरूरी था, वही किया।"
मैराथन शूटिंग पूरी करने के बाद बिग बी ने बताया कि अब वह थोड़ा आराम करेंगे, खाना खाएंगे और कुछ देर सोएंगे, क्योंकि अगले दिन भी उन्हें सुबह जल्दी काम पर लौटना था। उन्होंने लिखा, "अब मैं आराम करूंगा, कुछ खाऊंगा और थोड़ी देर सोऊंगा, क्योंकि 6 अगस्त को फिर सुबह जल्दी काम पर जाना है।"
यह भी पढ़ें : सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले 9 स्टार, किस नंबर पर अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, कंगना रनौत?
अमिताभ बच्चन साल 2000 से 'कौन बनेगा करोड़पति' का चेहरा हैं। केवल तीसरे सीजन में उनकी जगह शाहरुख खान ने शो होस्ट किया था। ब्रिटिश गेम शो 'Who Wants to Be a Millionaire?' पर आधारित KBC भारतीय टीवी के सबसे सफल क्विज शो में गिना जाता है। इसी शो ने अमिताभ बच्चन के करियर को आर्थिक मुश्किलों के दौर में नई उड़ान दी थी। उनका मशहूर डायलॉग "लॉक किया जाए?" आज भी लोगों की जुबान पर है।
इस सीजन की थीम 'सोचना पड़ेगा' है। मेकर्स के मुताबिक, आज के दौर में सिर्फ सही जवाब जानना काफी नहीं, बल्कि सही तरीके से सोचना, विश्लेषण करना और ज्ञान का सही इस्तेमाल करना भी उतना ही जरूरी है। इसी संदेश को नया सीजन दर्शकों तक पहुंचाएगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।