जब फिल्म ‘कुली’ के सेट पर अमिताभ बच्चन का एक्सीडेंट हुआ और वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे, तब उनके एक दोस्त ने मां काली के मंदिर में जाकर अपना सीना चीर कर उनकी सलामती की दुआ मांगी थी।
बॉलीवुड में कई गहरी दोस्तियां देखने को मिली हैं, लेकिन अमिताभ बच्चन और मिथुन चक्रवर्ती का रिश्ता उनमें सबसे खास माना जाता है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और एक-दूसरे के लिए हमेशा सम्मान जताया। साल 1982 में फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस मुश्किल वक्त में पूरे फिल्म जगत ने उनकी सलामती की दुआ की, लेकिन मिथुन चक्रवर्ती ने जो किया, वह आज भी मिसाल माना जाता है। खुद अमिताभ बच्चन ने एक टीवी शो और अपने ब्लॉग में इस घटना का जिक्र करते हुए मिथुन के समर्पण और स्नेह को याद किया था।
अमिताभ बच्चन के लिए मिथुन चक्रवर्ती ने क्या किया था?
'कुली' की शूटिंग के दौरान हुए अमिताभ बच्चन के साथ हुए गंभीर हादसे की खबर मिलते ही मिथुन चक्रवर्ती बेहद भावुक हो गए। बताया जाता है कि उन्होंने मां काली के मंदिर जाकर अमिताभ बच्चन के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इसी दौरान उन्होंने श्रद्धा और संकल्प के प्रतीक के रूप में अपना सीना चीरकर रक्त अर्पित किया और बिग बी के जीवन की रक्षा की कामना की।

अमिताभ बच्चन ने मिथुन की दोस्ती को लेकर क्या कहा था?
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में मिथुन चक्रवर्ती के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लिखा था कि "उनका स्नेह और अपनापन हमेशा याद रहेगा। 'कुली' हादसे के दौरान उन्होंने मेरी सलामती के लिए अपना सीना चीरकर खून से संकल्प लिया था। ऐसी बात कोई कैसे भूल सकता है।" बिग बी ने यह भी याद किया कि फिल्म 'दो अंजाने' की शूटिंग के दौरान संघर्ष के दिनों में मिथुन हमेशा उत्साह के साथ उनका सामान उठाने तक के लिए तैयार रहते थे।
कुली के सेट पर अमिताभ बच्चन के साथ क्या हुआ था?
फिल्म 'कुली' के एक फाइट सीन के दौरान को-एक्टर पुनीत इस्सर का एक पंच गलती से अमिताभ बच्चन के पेट में लग गया। वे पास ही पड़ी टेबल पर गिरे थे, जिसका कोना उनके पेट में चुभा और उनकी आंतों को गंभीर चोट पहुंची और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी। यहां तक कि डॉक्टर्स ने उन्हें क्लीनिकली डेड तक घोषित कर दिया था। बिग बीई लगभग 60 दिन अस्पताल में रहे थे। अमिताभ कई बार खुलकर यह स्वीकार किया कि यह हादसा उनके जीवन के सबसे कठिन दौर में से एक था।
'दो अंजाने' से 'अग्निपथ' तक, कैसी रही अमिताभ बच्चन-मिथुन चक्रवर्ती की जोड़ी?
मिथुन चक्रवर्ती और अमिताभ बच्चन ने 'दो अंजाने', 'अग्निपथ' और 'गंगा जमुना सरस्वती' जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया। पर्दे पर उनकी जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया, जबकि असल जिंदगी में भी दोनों के बीच गहरा सम्मान और अपनापन देखने को मिला।
