‘मालामाल वीकली 2’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सीक्वल से प्रियदर्शन और रितेश देशमुख बाहर हो गए हैं, जबकि एल्विश यादव की एंट्री की खबर ने उत्सुकता बढ़ा दी है।
बॉलीवुड में पुरानी फिल्मों के सीक्वल बनाने का सिलसिला जारी है और अब इस लिस्ट में 2006 की कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली' का नाम भी शामिल है। हालांकि, इसके दूसरे पार्ट में दर्शकों को कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। फिल्म के ओरिजिनल डायरेक्टर प्रियदर्शन ने सीक्वल से दूरी बना ली है, वहीं रितेश देशमुख भी वापसी नहीं करेंगे। उनकी जगह अब नई टीम फिल्म को आगे बढ़ाएगी। खास बात यह है कि इस बार निर्देशन की जिम्मेदारी अमित जोशी संभालेंगे और एल्विश यादव का नाम भी कास्ट से जुड़ चुका है।
मालामाल वीकली 2 से प्रियदर्शन ने दूरी क्यों बनाई?
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रियदर्शन ने खुद कन्फर्म किया है कि वह मालामाल वीकली 2 का निर्देशन नहीं करेंगे। उन्होंने साफ कहा, "मैं यह फिल्म नहीं कर रहा हूं। मैंने कोई भी सीक्वल नहीं बनाने का फैसला किया है।" प्रियदर्शन ने ओरिजिनल फिल्म की कहानी लिखने के साथ उसका निर्देशन भी किया था। अब उनके हटने के बाद सीक्वल की कमान एक नई क्रिएटिव टीम के हाथ में होगी।
मालामाल वीकली 2 में रितेश देशमुख क्यों नहीं आएंगे नजर?
2006 की पहली फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले रितेश देशमुख भी दूसरे पार्ट में वापसी नहीं कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स अब नई स्टारकास्ट के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने वैरायटी इंडिया को बताया कि फिल्म की कास्टिंग पूरी हो चुकी है और इसका ऐलान जल्द किया जाएगा। यानी इस बार दर्शकों को कहानी के साथ-साथ कलाकारों का भी नया कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा।
मालामाल वीकली 2 को कौन डायरेक्ट करेगा?
सीक्वल के निर्देशन की जिम्मेदारी फिल्ममेकर अमित जोशी को सौंपी गई है। वह इससे पहले शाहिद कपूर और कृति सेनन की फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' को को-डायरेक्ट कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मालामाल वीकली 2 की कहानी नई होगी, लेकिन इसका छोटे शहर वाला माहौल पहले पार्ट की तरह बरकरार रखा जाएगा। फिल्म में पैसा, लालच और गलतफहमियों से पैदा होने वाली कॉमेडी देखने को मिल सकती है।
मालामाल वीकली 2 में एल्विश यादव की क्या होगी भूमिका?
इससे पहले खबर आई थी कि यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव भी फिल्म का हिस्सा होंगे। अगस्त में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नोट लिखकर फैंस का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने खुद को बॉलीवुड में आउटसाइडर बताते हुए कहा था कि इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं है और फैंस के प्यार ने उनके फिल्मी सफर को मुमकिन बनाया है। हालांकि, फिल्म में उनके किरदार को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
2006 की 'मालामाल वीकली' की कहानी क्या थी?
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी 'मालामाल वीकली' साल 2006 में रिलीज हुई थी। फिल्म में परेश रावल, ओम पुरी, रितेश देशमुख, अरबाज खान, राजपाल यादव और असरानी जैसे कलाकार नजर आए थे। कहानी एक गांव और उसके लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक शख्स को लॉटरी का विजेता टिकट मिल जाता है। इसके बाद टिकट और इनाम के लालच में गांववालों के बीच मजेदार घटनाएं शुरू हो जाती हैं। क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।
यह फिल्म 1998 की ब्रिटिश कॉमेडी Waking Ned पर आधारित थी। इसकी कहानी पर तेलुगु में Bhagyalakshmi Bumper Draw (2006), कन्नड़ में Dakota Picture (2012) और मलयालम में Aamayum Muyalum (2014) जैसी फिल्में भी बनीं।




