
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर फैंस एक बार फिर चिंतित हैं। एक्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट शेयर कर अपने चाहने वालों से माफी मांगी और बताया कि उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी गई है। अमिताभ ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें आराम करने की जरूरत क्यों पड़ी है। हालांकि, हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति 18 की शूटिंग के दौरान उनके घुटने में चोट लगने की खबर सामने आई थी। ऐसे में उनके नए पोस्ट ने फैंस का ध्यान खींचा है। फिलहाल एक्टर ने अपनी सेहत को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया के जरिए फैंस से लगातार जुड़े रहते हैं। इस बार उन्होंने कुछ दिन लिख नहीं पाने के लिए माफी मांगते हुए कहा,
मैं आप सभी से माफी मांगता हूं; मुझे कुछ दिनों के लिए आराम करने और स्वस्थ होने की सलाह दी गई है, इसलिए मैं कुछ भी लिख नहीं पा रहा हूं…
इस महीने कौन बनेगा करोड़पति 18 के एक एपिसोड की शुरुआत में अमिताभ ने बताया था कि पिछले दिन शूटिंग के दौरान फिसलकर गिरने से उनके घुटने में चोट लग गई थी। उन्होंने कहा,
आमतौर पर मैं अपना मोनोलॉग बीच में खड़े होकर करता हूं, लेकिन आज मेरे घुटने में चोट लगी है। कल शूटिंग के दौरान मैं फिसलकर गिर गया और मेरे घुटने में चोट लग गई।
एक्टर ने बाएं घुटने की ओर इशारा करते हुए दर्शकों को घटना के बारे में बताया। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि चोट गंभीर नहीं थी। हालांकि, असहजता के कारण उन्होंने एपिसोड की शुरुआत में बैठकर बातचीत की। दर्शकों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना भी की।
जुलाई में अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी, आईसीयू और रिकवरी की चुनौतियों पर लिखा था। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट नहीं किया था कि वह अपने निजी अनुभव की बात कर रहे थे या सामान्य रूप से इस स्थिति का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने लिखा,
अस्पताल में सर्जरी और आईसीयू के दौरान कुशल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखभाल में रहने के बाद छुट्टी मिलना और घर लौटना। घर लौटने के बाद का समय सबसे मुश्किल होता है, शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से।कुछ लोग इसका बहादुरी से सामना करते हैं, कुछ हार मान लेते हैं; जो संघर्ष करते हैं और बहादुर बने रहते हैं, वे हमेशा चैंपियन रहते हैं। जो ऐसा नहीं कर पाते, वे अतीत की उपलब्धियों में जीने लगते हैं। दोनों में से क्या चुनना है, यह हर व्यक्ति का अपना फैसला है; किसी भी फैसले में कुछ गलत नहीं है। स्वस्थ रहें, खुश रहें।
वर्कफ्रंट पर अमिताभ बच्चन कौन बनेगा करोड़पति 18 होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह नाग अश्विन की फिल्म कल्कि 2898 AD के सीक्वल में भी नजर आएंगे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।