
Ananya Pandey At Bhimashankar Jyotirlinga: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे अपने व्यस्त फिल्मी करियर से समय निकालकर भोलेनाथ के दरबार पहुंचीं। अनन्या ने सावन के पवित्र महीने में पुणे के पास स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके अलावा उन्होंने मंदिर परिसर में अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।
अनन्या पांडे ने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिन्हें उनके फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ अनन्या ने कैप्शन में लिखा, "ॐ नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव! भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग।" श्री भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर महाराष्ट्र की सह्याद्रि पर्वतमाला में स्थित भगवान शिव का एक अत्यंत पवित्र मंदिर है। इसे भगवान शिव के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में शामिल किया जाता है, इसलिए इसका धार्मिक महत्व बहुत अधिक माना जाता है।
घने जंगलों से घिरे भीमाशंकर वन्यजीव अभयारण्य के बीच स्थित यह मंदिर प्रकृति और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। मान्यता है कि यहीं से भीमा नदी का उद्गम भी होता है, जिससे इस स्थान की पवित्रता और बढ़ जाती है। भीमाशंकर मंदिर की वास्तुकला नागर शैली पर आधारित है। मंदिर की दीवारों और खंभों पर बेहद सुंदर और बारीक नक्काशी देखने को मिलती है। इसका पिरामिड के आकार जैसा शिखर इसकी वास्तुकला को और भी आकर्षक बनाता है। मंदिर में प्रवेश करते ही बाईं ओर भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापित है, जबकि दाईं ओर भगवान शिव के रक्षक श्री कालभैरव विराजमान हैं। मंदिर के गर्भगृह में पवित्र शिवलिंग स्थापित है। इस शिवलिंग की एक विशेषता यह है कि इसमें एक सीधा छेद मौजूद है। गर्भगृह के सामने माता पार्वती की प्रतिमा भी स्थापित है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं।
मंदिर परिसर में इस समय इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का कार्य चल रहा है। इसी वजह से कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। वर्तमान में मंदिर श्रद्धालुओं के लिए सुबह 7 बजे से 11 बजे तक खुला रहेगा। सुबह 11 बजे तक लाइन में खड़े सभी भक्तों को दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद मंदिर में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। फिलहाल तत्काल दर्शन पास की सुविधा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। वहीं, दर्शन के लिए ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं है। श्रद्धालु सीधे मंदिर पहुंचकर निर्धारित लाइन में लगकर दर्शन कर सकते हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनन्या पांडे 2026 में रोमांटिक ड्रामा मूवी 'चांद मेरा दिल' में नजर आईं। इनमें उनके अपोजिट लक्ष्य ने काम किया। यह फिल्म 22 मई, 2026 को रिलीज हुई थी। अनन्या जल्द ही अक्षय कुमार के साथ एक पीरियड एक्शन थ्रिलर फिल्म 'शंकरा' में नजर आएंगी, जिसे धर्मा प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है। अनन्या ने करियर की शुरुआत 2019 में फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' से की थी। इसके बाद उन्हें पति पत्नी और वो, खाली पीली, गहराइयां, लाइगर, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, ड्रीम गर्ल 2, खो गए हम कहां, केसरी चैप्टर 2, तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी जैसी फिल्मों में देखा गया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।