
अक्षय कुमार बॉलीवुड के उन सितारों में शामिल हैं, जिन्होंने लंबे समय तक बतौर हीरो दर्शकों का मनोरंजन किया है। हालांकि, अब वह अपने करियर में एक दिलचस्प बदलाव करते नजर आएंगे। प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में अक्षय कुमार पहली बार लंबे समय बाद एक खतरनाक विलेन के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म में उनके सामने सैफ अली खान होंगे। हालांकि इस मूवी के लिए अक्षय कुमार पहली पसंद नहीं थे। डायरेक्टर प्रियदर्शन ने 3 एक्टर को एप्रोच किया था। लेकिन 'खिलाड़ी कुमार' को यह रोल मिल गया।
मिड-डे को दिए इंटरव्यू में डायरेक्टर प्रियदर्शन ने बताया कि ‘हैवान’ के विलेन के किरदार के लिए उनकी पहली पसंद बॉबी देओल थे। प्रियदर्शन ने बॉबी को फिल्म की कहानी भी सुनाई थी। हालांकि, बॉबी को यह किरदार पसंद नहीं आया और उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया। बॉबी के मना करने के बाद प्रियदर्शन ने दूसरे विकल्प के तौर पर अक्षय खन्ना से संपर्क किया। उन्होंने फोन पर अक्षय खन्ना से बात की, जिसके बाद अभिनेता ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था।
प्रियदर्शन के मुताबिक, वह सुनील शेट्टी को भी इस किरदार के लिए कास्ट करने के बारे में सोच रहे थे। अगर अक्षय खन्ना के साथ बात आगे नहीं बढ़ती, तो निर्देशक उनके पास फिल्म की कहानी लेकर जाने वाले थे। यानी जिस विलेन के किरदार में आज अक्षय कुमार नजर आ रहे हैं, उसके लिए शुरुआती दौर में बॉबी देओल, अक्षय खन्ना और सुनील शेट्टी जैसे बड़े सितारों के नाम पर विचार किया गया था।
कहानी में ट्विस्ट तब आया जब प्रियदर्शन ने ‘भूत बंगला’ के सेट पर अक्षय कुमार को ‘हैवान’ की कहानी सुनाई। अक्षय ने कहानी सुनी और उन्हें विलेन का किरदार पसंद आ गया। उन्होंने खुद इस भूमिका को निभाने की इच्छा जाहिर की। इस तरह अक्षय कुमार ‘हैवान’ के खतरनाक विलेन बन गए। खास बात यह है कि अक्षय और प्रियदर्शन इससे पहले भी कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
‘हैवान’ में सैफ अली खान एक ऐसे शख्स का किरदार निभा रहे हैं, जो देख नहीं सकता, लेकिन उसकी सुनने और बाकी इंद्रियों की क्षमता बेहद खास है। फिल्म की टैगलाइन ‘Every Sense is a Weapon’ उनके किरदार की खासियत की ओर इशारा करती है। दूसरी तरफ अक्षय कुमार का किरदार बेहद रहस्यमयी और खतरनाक नजर आ रहा है। उनके फर्स्ट लुक में चेहरा आधा अंधेरे में दिखाई देता है, जिससे फिल्म के विलेन को लेकर सस्पेंस और बढ़ गया है। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इसे भी पढ़ें: 14 अगस्त को ओटीटी पर रिलीज होंगी 5 नई फिल्में और सीरीज, कंगना से शाहिद कपूर तक दिखाएंगे दम
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।