Independence Day Movies: स्वतंत्रता दिवस वाले वीकेंड पर सनी देओल की 7 देशभक्ति से भरपूर फिल्में देखें। लिस्ट में ‘बंटवारा 1947’, ‘बॉर्डर’, ‘गदर’, ‘गदर 2’, ‘इंडियन’, ‘मां तुझे सलाम’ और ‘द हीरो’ शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस का वीकेंड देशभक्ति से भरपूर फिल्में देखने के लिए सबसे खास मौका होता है। अगर आप सनी देओल के फैन हैं और इस मौके पर उनकी दमदार फिल्मों का मजा लेना चाहते हैं, तो आपके लिए कई बेहतरीन ऑप्शन हैं। सनी देओल ने अपने करियर में ऐसी कई फिल्मों में काम किया है, जिनमें देश, सेना, तिरंगा और भारत के लिए लड़ने का जज्बा देखने को मिलता है। इस बार लिस्ट की शुरुआत सनी देओल की नई फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से करते हैं, जो 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसके साथ ही उनकी 6 और फिल्मों को आप स्वतंत्रता दिवस वाले वीकेंड पर अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। ये मूवी आपको ओटीटी पर मिल जाएंगी।

बंटवारा 1947
स्वतंत्रता दिवस वीकेंड की शुरुआत सनी देओल की नई फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से की जा सकती है। राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की बैकग्राउंड पर बेस्ड है। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल और अली फजल जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म में बंटवारे के दौरान परिवारों के उजड़ने, रिश्तों के टूटने और इंसानियत के संघर्ष को दिखाया गया है। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
बॉर्डर
सनी देओल की देशभक्ति फिल्मों की बात हो और ‘बॉर्डर’ का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। 1997 में रिलीज हुई जेपी दत्ता की इस फिल्म में सनी देओल ने मेजर कुलदीप सिंह का किरदार निभाया था। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म भारतीय सैनिकों के साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण को दिखाती है। सनी देओल का दमदार अभिनय और फिल्म के संवाद आज भी दर्शकों के बीच फेमस है। अमेजन प्राइम पर आप इसे देख सकते हैं।

गदर: एक प्रेम कथा
‘गदर: एक प्रेम कथा’ सिर्फ प्रेम कहानी नहीं, बल्कि बंटवारे के दौर की भावनाओं और देश से जुड़े जज्बातों को भी दिखाती है। सनी देओल ने फिल्म में तारा सिंह का किरदार निभाया था, जो अपनी पत्नी सकीना को वापस भारत लाने के लिए पाकिस्तान जाने का फैसला करता है।
2001 में रिलीज हुई इस फिल्म ने सनी देओल को एक बार फिर दर्शकों के बीच बेहद फेमस बनाया। फिल्म में उनका दमदार अंदाज और देश के लिए जुनून आज भी याद किया जाता है। इस मूवी को आप Zee5 और amazon prime पर देख सकते हैं।
गदर 2
अगर आपने ‘गदर: एक प्रेम कथा’ देख ली है, तो इसके बाद ‘गदर 2’ देखना तो बनता है। 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म में सनी देओल ने एक बार फिर तारा सिंह का किरदार निभाया। इस बार कहानी में तारा सिंह अपने बेटे जीते को पाकिस्तान से वापस लाने के लिए सीमा पार करता है। फिल्म में एक्शन के साथ देशभक्ति का जबरदस्त तड़का देखने को मिलता है। तारा सिंह के रूप में सनी देओल की वापसी ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा किया था। Zee5 और amazon prime पर इसे देख सकते हैं।
इंडियन
सनी देओल की ‘इंडियन’ भी देशभक्ति और एक्शन पसंद करने वाले दर्शकों के लिए बेहतरीन विकल्प है। 2001 में आई इस फिल्म में सनी देओल ने एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था, जो देश और व्यवस्था के खिलाफ होने वाली साजिशों से लड़ता है। फिल्म में भ्रष्टाचार और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को एक्शन के साथ पेश किया गया है। अगर आपको सनी देओल का दमदार एक्शन पसंद है, तो यह फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। इस मूवी को आप अमेजन प्राइम वीडियो,ZEE5 और MX Player पर देख सकते हैं।
और पढ़ें: Sunny Deol की इस हसीना संग 7 बार बनी जोड़ी, 2 फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस मचाया था गदर

मां तुझे सलाम
‘मां तुझे सलाम’ साल 2002 में रिलीज हुई देशभक्ति फिल्म है। फिल्म में सनी देओल ने मेजर प्रताप सिंह का किरदार निभाया था। कहानी भारतीय सेना और देश की रक्षा के लिए सैनिकों के समर्पण पर आधारित है। फिल्म में देश के लिए मर-मिटने का जज्बा और सैनिकों की बहादुरी देखने को मिलती है। सनी देओल के दमदार डायलॉग्स ने भी फिल्म को खास बनाया। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम पर देख सकते हैं।
द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई
अगर आप देशभक्ति के साथ स्पाई थ्रिलर देखना चाहते हैं, तो ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई’ अच्छा ऑप्शन है। 2003 में रिलीज हुई इस फिल्म में सनी देओल ने एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी देश को आतंकवादी साजिश से बचाने के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें सनी देओल का एक्शन अवतार देखने को मिलता है और कहानी में देश के लिए खतरे से लड़ने का जज्बा भी नजर आता है। इस मूवी को आप अमेजन प्राइम पर देख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: 14 अगस्त को ओटीटी पर रिलीज होंगी 5 नई फिल्में और सीरीज, कंगना से शाहिद कपूर तक दिखाएंगे दम
