सनी देओल और मीनाक्षी शेषाद्रि की जोड़ी ने 7 फिल्मों में साथ काम किया। ‘घायल’ और ‘घातक’ जैसी फिल्मों ने दोनों की जोड़ी को खास पहचान दिलाई। जानें इनकी साथ वाली फिल्मों और बॉक्स ऑफिस सफलता की पूरी कहानी।
बॉलीवुड के दमदार एक्शन हीरो सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर गदर मचाने को तैयार हैं। उनकी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में वह प्रीति जिंटा के साथ नजर आएंगे। हालांकि, यहां हम बात कर रहे हैं उस अदाकारा की, जिसके साथ सनी देओल ने अपने करियर में सबसे ज्यादा फिल्में की हैं। यह नाम है मीनाक्षी शेषाद्रि का। दोनों की जोड़ी ने पर्दे पर कई यादगार फिल्में दीं, जिनमें कुछ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया।
मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ कीं 7 फिल्में
सनी देओल और मीनाक्षी शेषाद्रि की जोड़ी ने 80 और 90 के दशक में दर्शकों को कई यादगार फिल्में दीं। इस ऑनस्क्रीन जोड़ी ने करीब 7 फिल्मों में साथ काम किया। इनमें 'डकैत', 'इंतकाम', 'घायल', 'घातक', 'दामिनी', 'क्षत्रिय' और 'जोशीले' शामिल हैं। खास बात यह है कि इन फिल्मों में हर बार दोनों की भूमिका एक जैसी नहीं थी। 'दामिनी' में मीनाक्षी मुख्य भूमिका में थीं, जबकि सनी देओल ने वकील गोविंद का यादगार किरदार निभाया था।
‘घायल’ ने बदल दी सनी देओल की पहचान
साल 1990 में रिलीज हुई ‘घायल’ सनी देओल के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल है। फिल्म में सनी के साथ मीनाक्षी शेषाद्रि भी नजर आई थीं। सनी के एक्शन, दमदार डायलॉग और अभिनय ने उन्हें उस दौर के बड़े एक्शन स्टार्स में मजबूती से स्थापित किया। इस फिल्म ने सनी देओल को नेशनल फिल्म अवॉर्ड और फिल्मफेयर अवॉर्ड दिलाया था।

‘घातक’ में फिर दिखी दोनों की जोड़ी
सनी और मीनाक्षी ने 1996 में आई ‘घातक’ में भी साथ काम किया। फिल्म में सनी देओल ने काशी का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके दमदार एक्शन और इमोशनल अभिनय को खूब पसंद किया गया। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, घातक को ‘सुपर हिट’ घोषित किया गया था। फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन करीब 15.23 करोड़ रुपये रहा था।
और पढ़ें: 'मिर्जापुर द मूवी' का महंगा एक्टर कौन? पंकज त्रिपाठी और रवि किशन की फीस में जमीन-आसमान का अंतर
‘दामिनी’ में साथ थे, लेकिन जोड़ी अलग थी
‘दामिनी’ में भी सनी और मीनाक्षी साथ नजर आए थे, लेकिन यह उनकी पारंपरिक रोमांटिक जोड़ी वाली फिल्म नहीं थी। मीनाक्षी ने दामिनी का किरदार निभाया था, जबकि सनी देओल ने वकील गोविंद श्रीवास्तव की भूमिका निभाई। फिल्म में सनी का ‘तारीख पे तारीख’ वाला अंदाज आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। मीनाक्षी ने भी एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि उनकी बड़ी सफल फिल्मों में सनी देओल के साथ वाली फिल्में शामिल हैं और आज भी फैंस दोनों को साथ देखने की इच्छा जताते हैं।

सिर्फ रोमांस नहीं, एक्शन में भी जमती थी जोड़ी
सनी देओल और मीनाक्षी की जोड़ी की खासियत यह थी कि दोनों ने सिर्फ रोमांटिक फिल्मों तक खुद को सीमित नहीं रखा। दकैत, घायल और घातक जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी अलग-अलग अंदाज में नजर आई। मीनाक्षी ने अपने दौर में सनी देओल के अलावा कई बड़े सितारों के साथ काम किया, लेकिन सनी के साथ उनकी जोड़ी को आज भी उनकी यादगार ऑनस्क्रीन जोड़ियों में गिना जाता है।
इसे भी पढ़ें: समोसा और घी खाकर भी 68 की उम्र में Sunny Deol हैं फिट, जानें 'बंटवारा 1947' के एक्टर का जवां रहने का राज
