
टीवी इंडस्ट्री की दिग्गज एक्ट्रेस अनीता कंवल ने हाल ही में अपने करियर और निजी संघर्षों को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। ‘सोनपरी’, ‘शांति’ और ‘ससुराल गेंदा फूल’ जैसे पॉपुलर शोज में काम कर चुकीं अनीता ने बताया कि पिछले 8 सालों से उन्हें टीवी पर काम नहीं मिला है। 62 साल की उम्र में भी वह लगातार ऑडिशन दे रही हैं, लेकिन रिजेक्शन का सामना करना पड़ रहा है। सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान एक्ट्रेस इमोशनल हो गईं और बताया कि यह दौर उन्हें मानसिक रूप से कितना प्रभावित कर रहा है। उनका बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अनीता कंवल ने अपने करियर के सुनहरे दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब वह एक साथ 13 टीवी शोज में काम कर रही थीं। उन्होंने कहा, “मैं एक साथ 13 शोज करती थी। बहुत दुख होता है जब लोग आपको याद करना बंद कर देते हैं। कभी-कभी ऐसा लगता है कि खुद को खत्म कर दूं। तीन दिन पहले ही मैंने अपनी बेटी से कहा था- मैं आखिर जिंदा क्यों हूं? अब समाज या अपने काम के लिए क्या योगदान दे रही हूं?” उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने इंडस्ट्री को बहुत कुछ दिया है और हर तरह के रोल निभाए हैं। ऐसे में उन्हें समझ नहीं आता कि गलती उनकी है या इंडस्ट्री की।
एक्ट्रेस ने बताया कि लगातार रिजेक्शन मिलने के बाद अब वह खुद पर ही सवाल उठाने लगी हैं। अनीता ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि हॉलीवुड में 76 साल की मेरिल स्ट्रीप जैसी एक्ट्रेसेस लगातार काम करती रहती हैं, लेकिन भारत में उनकी उम्र की एक्ट्रेसेस को मौके क्यों नहीं मिलते। उन्होंने कहा, “अब मुझे खुद पर शक होने लगा है। लगता है क्या मुझमें ही कोई कमी है? लोग आखिर मुझे काम क्यों नहीं देना चाहते?”
जब अनीता कंवल से पूछा गया कि क्या यह सब उन्हें आत्महत्या जैसे विचारों तक ले जाता है, तो उन्होंने साफ कहा कि वह सुसाइडल नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि कई बार वह खुद को बेहद बेकार महसूस करती हैं। उन्होंने कहा, “मैं खुद को बहुत बेकार महसूस करती हूं। सुसाइडल नहीं कहूंगी, लेकिन कभी-कभी भगवान से कहती हूं कि अगर इस दुनिया में मेरे लिए कुछ सार्थक नहीं बचा है, तो मुझे अपने पास बुला लो। मैं सिर्फ यूं ही बिना मकसद के नहीं जीना चाहती।”
अनीता कंवल ने खुलासा किया कि उन्हें टीवी पर काम किए करीब 8 साल हो चुके हैं। वह आखिरी बार ‘ससुराल गेंदा फूल 2’ में नजर आई थीं। उन्होंने कहा कि आज भी वह ऑडिशन देती हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि अब लोगों को उनका काम पसंद नहीं आता। एक्ट्रेस का यह इंटरव्यू सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं और इंडस्ट्री में सीनियर कलाकारों को मौके देने की मांग कर रहे हैं।
अनीता कंवल ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1991 में टीवी शो ‘चाणक्य’ से की थी। इसके बाद वह ‘हमराही’ में नजर आईं और फिर बॉलीवुड फिल्मों का हिस्सा बनीं। उन्होंने शाहरुख खान के साथ ‘कभी हां कभी ना’, ऋतिक रोशन के साथ ‘मुझसे दोस्ती करोगे!’ और ‘ना तुम जानो ना हम’ जैसी फिल्मों में काम किया। टीवी पर उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ‘बनेगी अपनी बात’, ‘शांति’, ‘सोनपरी’, ‘ससुराल गेंदा फूल’, ‘गुस्ताख दिल’ और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे शोज से मिली।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।