
बॉलीवुड में 'आखिरी सुपरस्टार' की बहस एक बार फिर तेज हो गई है। इस बार अनुभवी एक्टर अन्नू कपूर ने शाहरुख खान के उस चर्चित बयान पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने खुद को आखिरी सुपरस्टार बताया था। अन्नू कपूर का मानना है कि सिनेमा लगातार बदलता रहता है और किसी एक कलाकार को हमेशा के लिए आखिरी सुपरस्टार कहना सही नहीं होगा। उन्होंने अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर और आशा भोंसले जैसे दिग्गजों के लंबे करियर का उदाहरण देते हुए स्टारडम की असली कसौटी पर अपनी राय रखी। हालांकि उन्होंने शाहरुख की सफलता और उनके व्यक्तित्व की खुलकर सराहना भी की।
हिंदी रश से बातचीत में अन्नू कपूर ने कहा कि किसी एक एक्टर को इंडस्ट्री का 'आखिरी सुपरस्टार' कहना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, पहले भी कई कलाकारों के लिए ऐसे दावे किए गए, लेकिन समय के साथ नए सितारे सामने आते रहे। उन्होंने कहा कि मीडिया ने पहले भी राजेश खन्ना के दौर में इसी तरह की बातें की थीं, लेकिन भारतीय सिनेमा का सफर वहीं नहीं रुका। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की असली पहचान यह होती है कि वह कई दशकों तक अपने काम और लोकप्रियता को बरकरार रख सके। बिना शाहरुख खान का नाम लिए अन्नू कपूर ने कहा,
इस एक्टर ने करीब 1992 के आसपास अपना करियर शुरू किया था और इंडस्ट्री में लगभग 34 साल पूरे कर लिए हैं। अगर अमिताभ बच्चन के करियर से तुलना करें, तो क्या यह एक्टर अगले 19 साल तक भी अपनी वही अहमियत बनाए रख पाएगा? क्या 2045 में भी उसकी वही पहचान होगी? मुझे ऐसा नहीं लगता।
यह भी पढ़ें : न बीवी, न बच्चे, न पैरेंट्स, शाहरुख़ खान के पॉकेट में हमेशा रहती यह एक तस्वीर!
अन्नू कपूर ने अमिताभ बच्चन के अलावा स्वर कोकिला लता मंगेशकर और दिग्गज गायिका आशा भोंसले का उदाहरण देते हुए कहा कि बहुत कम कलाकार ऐसे होते हैं, जो कई दशकों तक लगातार प्रासंगिक बने रहते हैं। उनके मुताबिक, लंबे समय तक लोगों के दिलों में जगह बनाए रखना ही असली उपलब्धि है। अन्नू कपूर ने साफ किया कि उनके मन में शाहरुख खान को लेकर कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा, "मेरा शाहरुख खान से कोई लेना-देना नहीं है और जब किसी से मेरा कोई लेना-देना नहीं होता, तो मैं उनके लिए सिर्फ दुआएं और आशीर्वाद ही रखता हूं।" उन्होंने यह भी माना कि शाहरुख की ग्लोबल पॉपुलैरिटी और आर्थिक सफलता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अन्नू कपूर ने शाहरुख खान की निजी जिंदगी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा यही सुना है कि शाहरुख एक समर्पित पिता, अच्छे पति और जिम्मेदार भाई हैं। उनके शब्दों में, "सुपरस्टार आते-जाते रहते हैं।" उन्होंने कहा कि इंसान की यही खूबियां किसी भी स्टारडम से कहीं ज्यादा अहम होती हैं।
यह भी पढ़ें : जब शाहरुख़ खान के पास नहीं थे EMI भरने के पैसे, बैंक खींच ले गया था उनकी कार
शाहरुख खान ने साल 2014 में अनुपम खेर के टॉक शो 'कुछ भी हो सकता है' के दौरान खुद को 'आखिरी स्टार' बताया था। इसके बाद से यह बयान समय-समय पर चर्चा का विषय बनता रहा है। वर्क फ्रंट की बात करें तो साल 2023 में 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' जैसी सफल फिल्में देने के बाद शाहरुख खान अब 'किंग' की तैयारी में जुटे हैं। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित इस फिल्म में उनके साथ सुहाना खान, अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।