
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के एक बड़े न्यूज़ चैनल 'जियो न्यूज़' पर कार्रवाई हुई है। चैनल ने भारत की सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन की खबर में उनके गाने और फिल्मों के सीन दिखा दिए थे। इसके बाद पाकिस्तान की इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (PEMRA) ने चैनल को कारण बताओ नोटिस भेज दिया है। अथॉरिटी का आरोप है कि चैनल ने 2018 से इंडियन कंटेंट पर लगे बैन को तोड़ा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 12 अप्रैल को 92 साल की उम्र में आशा भोसले का निधन हो गया था। जियो न्यूज़ ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक रिपोर्ट में उनके मशहूर गाने चलाए थे। रेगुलेटरी अथॉरिटी ने इसे पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना बताया है। अथॉरिटी ने चेतावनी दी है कि चैनल पर जुर्माना लग सकता है, उसका प्रसारण रोका जा सकता है या फिर लाइसेंस भी रद्द हो सकता है। चैनल के CEO को 27 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा गया है।
लेकिन, जियो न्यूज़ के मैनेजिंग डायरेक्टर अज़हर अब्बास ने इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब किसी महान कलाकार का निधन होता है, तो उनके काम को याद करना और दिखाना पत्रकारिता का धर्म है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "कला, ज्ञान और इंसानियत सबकी साझी विरासत है, इन्हें सरहदों में नहीं बांधा जा सकता।" अब्बास ने पाकिस्तान से आशा भोसले के लगाव और नुसरत फतेह अली खान जैसे कलाकारों के साथ उनके काम को भी याद किया।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की सीनेटर शेरी रहमान समेत कई नेताओं ने भी रेगुलेटरी अथॉरिटी के इस कदम की आलोचना की है। उधर, मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ आशा भोसले का अंतिम संस्कार किया गया। आमिर खान समेत बॉलीवुड के कई सितारे और हज़ारों फैंस अपनी पसंदीदा गायिका को आखिरी विदाई देने पहुंचे थे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।