
इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की फिल्म आवारापन 2 बॉक्स ऑफिस पर पहले हफ्ते के बाद भी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। पहले सात दिनों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद फिल्म ने दूसरे हफ्ते की शुरुआत भी उम्मीद जगाने वाले अंदाज में की है। अब इसकी नजर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अगले बड़े आंकड़ों को पार करने पर है। फिल्म दुनियाभर में भी मजबूत कमाई कर चुकी है और लगातार अपने थिएट्रिकल रन को आगे बढ़ा रही है। हालांकि, दूसरे हफ्ते में इसका मुकाबला सनी देओल की बटवारा 1947 से भी बना हुआ है। ऐसे में आने वाला वीकेंड फिल्म की आगे की रफ्तार तय करने में अहम साबित हो सकता है।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी 'आवारापन 2' ने अपने पहले हफ्ते में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर दमदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने सात दिनों में भारत में नेट 113.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद दूसरे हफ्ते के आठवें दिन भी फिल्म की कमाई जारी रही। हालांकि, कलेक्शन में मामूली गिरावट देखने को मिली। लेकिन इसने सम्मानजनक स्कोर किया। फिल्म ने दूसरे शुक्रवार लगभग 5.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जो गुरुवार की कमाई (6 करोड़ रुपए) के मुकाबले 8.3 फीसदी कम है। 8 दिन में फिल्म ने भारत में नेट 119 करोड़ रुपए और ग्रॉस 141.87 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 'आवारापन 2' 200 करोड़ क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। फिल्म ने 8 दिन में दुनियाभर में 169.17 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसमें से 27.30 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई फिल्म ने विदेश से की है। 8वें दिन फिल्म ने ओवरसीज में 1 करोड़ रुपए कूटे। माना जा रहा है कि लाइफटाइम रन के बाद फिल्म दुनियाभर में 200 करोड़ रुपए के ग्रॉस कलेक्शन के आंकड़े को आसानी से पार कर जाएगी।
'आवारापन 2' साल 2007 में आई कल्ट एक्शन ड्रामा 'आवारापन' की कहानी की दुनिया को आगे बढ़ाती है। पहली फिल्म में इमरान हाशमी के साथ श्रिया सरन, आशुतोष राणा और मृणालिनी शर्मा नजर आए थे। सीक्वल में इमरान हाशमी शिवम पंडित के किरदार में वापसी कर रहे हैं, जबकि दिशा पाटनी जारा की भूमिका में हैं। फिल्म में शबाना आजमी नफीसा नवाज, सुविंदर विक्की भी अहम भूमिका में हैं। श्रिया सरन और शाद रंधावा स्पेशल अपीयरेंस में नजर आते हैं। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।