
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की दो बड़ी प्रोडक्शन कंपनियां, यश राज फिल्म्स (YRF) और पोशम पा पिक्चर्स, पहली बार किसी थिएट्रिकल फिल्म के लिए साथ आई हैं। इस साझेदारी की पहली फिल्म 'मुपापा' होगी, जिसमें अभिनेता आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण YRF के सीईओ अक्षय विधानी कर रहे हैं। YRF के प्रवक्ता के मुताबिक, 'मुपापा' देशभर के सिनेमाघरों में 19 फरवरी 2027 को रिलीज की जाएगी।
'मुपापा' निर्माता के तौर पर अक्षय विधानी की दूसरी बड़ी फिल्म होगी। इससे पहले उनके निर्माण में बनी 'सैयारा' ने शानदार सफलता हासिल की थी और भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे अधिक कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्मों में अपनी जगह बनाई थी। YRF का मानना है कि यह नई फिल्म दर्शकों के लिए एक अलग और यादगार सिनेमाई अनुभव लेकर आएगी।
फिल्म का निर्देशन भारतीय मनोरंजन जगत के चर्चित शो रनर और निर्देशक समीर सक्सेना कर रहे हैं। उन्हें नए विषयों और अलग तरह की कहानियों को प्रभावशाली अंदाज में पेश करने के लिए जाना जाता है। YRF और पोशम पा पिक्चर्स की यह साझेदारी बड़े पर्दे पर कुछ नया और अलग प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निर्माताओं के अनुसार, 'मुपापा' एक जॉनर-बेंडिंग थिएट्रिकल फिल्म है, जिसे बड़े पर्दे के लिए खास अंदाज में तैयार किया जा रहा है। फिल्म में ऐसा विजुअल और सिनेमाई अनुभव देने का दावा किया गया है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखेगा। आयुष्मान खुराना अपनी अलग और प्रयोगधर्मी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में 'मुपापा' से भी दर्शकों को कुछ नया देखने की उम्मीद जताई जा रही है।
पोशम पा पिक्चर्स को भारतीय मनोरंजन जगत की सबसे प्रयोगधर्मी और दूरदर्शी प्रोडक्शन कंपनियों में गिना जाता है। इस प्रोडक्शन हाउस के साझेदार समीर सक्सेना, बिस्वपति सरकार, सौरभ खन्ना और अमित गोलानी ने साथ मिलकर और व्यक्तिगत रूप से 'काला पानी' तथा 'मामला लीगल है' जैसी कई चर्चित और सराही गई प्रोजेक्ट्स पर काम किया है।
YRF और पोशम पा पिक्चर्स का उद्देश्य इस साझेदारी के जरिए आज के दर्शकों के लिए नई सोच और अलग अंदाज की फिल्मों को बड़े पर्दे पर पेश करना है। 'मुपापा' इसी सहयोग की पहली थिएट्रिकल फिल्म होगी, जिससे दोनों संस्थाएं अपने नए सफर की शुरुआत कर रही हैं।
यह सहयोग आदित्य चोपड़ा के उस विज़न का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी स्टूडियो मॉडल को एक निर्माता के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। 'सैयारा' के बाद 'मुपापा' उनके निर्माता के रूप में अगले बड़े प्रोजेक्ट के तौर पर सामने आ रही है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।