
कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं मिली है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म ने पहले शनिवार और रविवार को हल्की बढ़त जरूर दिखाई, लेकिन उम्मीद के मुताबिक़ परफॉर्म नहीं कर सकी। फिल्म में कंगना रनौत न सिर्फ मुख्य भूमिका में हैं, बल्कि उन्होंने इसे अपने बैनर मणिकर्णिका फिल्म्स के तहत को-प्रोड्यूस भी किया है। दिल्ली और हरियाणा में टैक्स फ्री घोषित किए जाने और देशभर में बाय वन गेट वन टिकट ऑफर चलाने के बावजूद फिल्म दर्शकों को बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक खींचने में सफल नहीं दिख रही।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक ‘भारत भाग्य विधाता’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी पहले रविवार को लगभग 1.80 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। अगर दूसरे दिन की कमाई (1.45 करोड़ रुपए) से तुलना करें तो इसने लगभग 24.1 फीसदी की ग्रोथ हासिल की है। पहले दिन इस फिल्म का कलेक्शन सिर्फ 1 करोड़ रुपए रहा था। इस तरह तीन दिन में फिल्म ने नेट 4.25 करोड़ रुपए की कमाई की। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 5.09 करोड़ रुपए हो गया है।
यह भी पढ़ें : ‘हॉन्टेड 3D’ का डर बना कमाई का हथियार, तीसरे दिन भी हुई करोड़ों की बरसात
इंटरनेट पर मौजूद एक रिपोर्ट के मुताबिक़, 'भारत भाग्य विधाता' का प्रोडक्शन बजट लगभग 25-30 करोड़ रुपए है। वहीं स्टार कास्ट की सैलरी पर 8-10 करोड़ रुपए अलग से खर्च किए गए हैं। इसमें से भी 6-7 करोड़ रुपए सिर्फ कंगना रनौत की फीस है। वहीं 2-3 करोड़ रुपए सपोर्टिंग कास्ट की कुल फीस बताई जा रही है। अगर यह जानकारी सही है तो फिल्म 3 दिन में एक्ट्रेस की फीस भी रिकवर नहीं कर पाई है। अगर मार्केटिंग- डिस्ट्रीब्यूशन और पोस्ट प्रोडक्शन (साउंड डिजाइन, एडिटिंग और VFX) को शामिल कर लिया जाए तो 'भारत भाग्य विधाता' का एस्टीमेटेड बजट 35-45 करोड़ रुपए आंका जा रहा है। कुल मिलाकर तीन दिन में फिल्म ने महज 9-12 फीसदी लागत की रिकवरी ही की है।
दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए निर्माताओं ने देशभर में ‘एक टिकट खरीदो, एक टिकट मुफ्त पाओ’ (Buy One Get One) ऑफर शुरू किया था। आमतौर पर ऐसे प्रमोशनल ऑफर शुरुआती दिनों में फुटफॉल बढ़ाने में मदद करते हैं, लेकिन ‘भारत भाग्य विधाता’ के मामले में इसका असर सीमित ही दिखाई दिया। फिल्म वीकेंड के सबसे अहम दिन भी बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाई।
यह भी पढ़ें : Peddi में जान्हवी कपूर के सीन पर फिर मचा बवाल, अब किसने डायरेक्टर की माफ़ी पर उठाए सवाल?
फिल्म के प्रदर्शन के बीच इसे दिल्ली और हरियाणा में टैक्स फ्री घोषित किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग के बाद यह घोषणा की। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी फिल्म को टैक्स फ्री करने का ऐलान कर चुकी थीं। हालांकि शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में इस फैसले का बड़ा असर नजर नहीं आया।
‘भारत भाग्य विधाता’ 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की बहादुरी पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे अस्पताल स्टाफ ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और गंभीर रूप से बीमार लोगों की सुरक्षा की। कहानी वास्तविक जीवन की नर्स अंजलि कुल्ठे और उनके सहयोगियों के साहसिक कार्यों से प्रेरित बताई जाती है। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और ईशा डे भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है, जबकि निर्माण में मणिकर्णिका फिल्म्स की प्रमुख भूमिका रही है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।