
रणवीर सिंह 6 जुलाई को 40 साल के होने जा रहे हैं। लेकिन इससे पहले उन्होंने कुछ ऐसा किया है, जो खूब ध्यान खींच रहा है। दरअसल, रणवीर ने बर्थडे से एक दिन पहले अपनी सभी इंस्टाग्राम पोस्ट डिलीट कर दी हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने तो अपनी प्रोफाइल पिक्चर तक डिलीट कर दी है। रणवीर ने ऐसा क्यों किया? इसकी वजह ना तो खुद एक्टर ने स्पष्ट की है और ना ही उनकी टीम की ओर से इस बारे में कोई बयान सामने आया है। हालांकि, एक्टर ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक क्लू देने की कोशिश की है, जिसे देखकर उनके फैन्स कयास लगा रहे हैं।
रणवीर सिंह ने पोस्ट डिलीट करने की वजह स्पष्ट नहीं की है। लेकिन उनकी इंस्टा स्टोरी काफी कुछ बयां कर रही है। इस स्टोरी में उन्होंने 12:12 का टाइम दिखाया है। इसके साथ एक-दूसरे को क्रॉस करती दो तलवारों की इमोजी शेयर की है। इस स्टोरी को देखकर लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि कहीं ना कहीं रणवीर अपनी अपकमिंग फिल्म से जुड़ा हिंट दे रहे हैं। माना जा रहा है कि रणवीर इस इंस्टा स्टोरी से अपनी एक्शन पैक्ड फिल्म 'धुरंधर' के फर्स्ट लुक की ओर इशारा कर रहे हैं, जिसका निर्देशन 'उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक' फेम आदित्य धर ने किया है।
बॉलीवुड हंगामा ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि 'धुरंधर' के मेकर्स रणवीर सिंह के 40वें बर्थडे उनकी इस फिल्म का फर्स्ट लुक लाने की प्लानिंग कर रहे हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है, "रणवीर जानते हैं कि कुछ स्पेशल आने वाला है, जो पूरी तरह सिनेमैटिक ट्रीट होगा। लेकिन उन्होंने इसका फाइनल कट नहीं देखा है। यह पूरी तरह आदित्य धर का रणवीर सिंह के बर्थडे को यादगार बनाने का तरीका है।"
जबसे 'धुरंधर' का अनाउंसमेंट हुआ था, तभी से यह लगातार चर्चा में है। सेट से इसकी कई तस्वीरें और वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनसे पता चलता है कि इस फिल्म में कई दिग्गज स्टार्स दिखाई देंगे। इनमें आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना शामिल हैं। अभी तक इस फिल्म से लीड एक्ट्रेस की जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म इसी साल रिलीज हो सकती है।
रणवीर सिंह के आने वाले प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उन्हें आगे 'धुरंधर' के अलावा 'डॉन 3' में भी देखा जाएगा, जिसके डायरेक्टर फरहान अख्तर होंगे। यह शाहरुख़ खान स्टारर 'डॉन' और 'डॉन 2' की सीक्वल है, जिसमें रणवीर ने उन्हें रिप्लेस किया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।