
शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर 'Cocktail 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर काफी उम्मीदें थीं और शुरुआती मिक्स रिएक्शंस के बावजूद दर्शकों का प्यार इसे मिल रहा है। पहले दिन अच्छी शुरुआत करने के बाद फिल्म ने वीकेंड में शानदार ग्रोथ दिखाई है। तीसरे दिन की कमाई के साथ फिल्म ने भारत में 55 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन हासिल कर लिया है। इतना ही नहीं, 'Cocktail 2' ने शाहिद कपूर की हालिया रिलीज 'देवा' के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म की नजर ओरिजिनल 'Cocktail' के रिकॉर्ड पर टिकी है।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, 'Cocktail 2' ने रिलीज के तीसरे दिन लगभग ₹17.75 करोड़ की कमाई की। यह पहले दिन के ₹13.50 करोड़ और दूसरे दिन के ₹16.25 करोड़ से बेहतर प्रदर्शन है। इसी के साथ फिल्म का कुल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन ₹57 करोड़ और इंडिया नेट कलेक्शन ₹47.50 करोड़ तक पहुंच गया है। वीकेंड ग्रोथ ने फिल्म को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। ओवरसीज मार्केट में इस फिल्म ने तीन दिन में 19.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जिसके चलते फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 76.25 करोड़ रुपये हो गया है।
'Cocktail 2' शाहिद कपूर के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। फिल्म ने उनकी 2025 में रिलीज हुई 'देवा' के लाइफटाइम नेट कलेक्शन ₹34.37 करोड़ को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, फिल्म को अभी 2012 में आई पहली 'Cocktail' के लगभग ₹71 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन को पार करना बाकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा रफ्तार बनी रही तो फिल्म जल्द यह उपलब्धि भी हासिल कर सकती है।
हालांकि 'Cocktail 2' को 2012 में रिलीज हुई 'Cocktail' का स्पिरिचुअल सीक्वल कहा जा रहा है, लेकिन इसकी कहानी पूरी तरह अलग है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे। इस बार निर्देशक होमी अदजानिया ने नए किरदारों और नई परिस्थितियों के जरिए रिश्तों की नई कहानी पेश की है।
तीसरे दिन के आंकड़ों को देखते हुए फिल्म की बॉक्स ऑफिस यात्रा काफी सकारात्मक दिखाई दे रही है। अगर वीकडेज में भी फिल्म इसी तरह टिके रहने में सफल रहती है तो 'Cocktail 2' आने वाले दिनों में 100 करोड़ क्लब में दमदार एंट्री ले सकती है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।