
'धुरंधर' फेम एक्ट्रेस आयशा खान ने NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करने के बाद सोशल मीडिया पर मिली धमकी का खुलकर जवाब दिया है। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान खुद को पुलिस हिरासत में लिए जाने का दावा करने वाली आयशा ने इंस्टाग्राम पर एक डायरेक्ट मैसेज का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें उन्हें लिखा गया था कि अब बॉलीवुड में काम नहीं मिलेगा। इस पर एक्ट्रेस ने बेबाक अंदाज में कहा कि वह अपना करियर खोना पसंद करेंगी, लेकिन अपने सिद्धांतों और हिम्मत से समझौता नहीं करेंगी।
प्रदर्शन से जुड़े वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करने के बाद आयशा खान को एक यूजर ने डायरेक्ट मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, "अब तुम्हें बॉलीवुड में कोई काम नहीं मिलेगा।" आयशा ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दो टूक जवाब दिया, "मैं अपना करियर खोना पसंद करूंगी, लेकिन अपनी रीढ़ नहीं। किसी और को डराइए। धन्यवाद, बाय-बाय।" एक्ट्रेस का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग उनकी बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : लीक पेपर के सहारे पास होते थे सलमान खान! NEET मामले में सपोर्ट करते ही वायरल हुआ पुराना वीडियो
आयशा खान ने प्रदर्शन स्थल से कई वीडियो साझा किए और दावा किया कि उन्हें शांतिपूर्वक सड़क पर खड़े रहने के बावजूद हिरासत में लिया गया। एक वीडियो में वह पुलिसकर्मियों से पूछती नजर आती हैं कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिलता। दूसरे वीडियो में चार महिला पुलिसकर्मी उन्हें पुलिस वैन तक ले जाती दिखाई देती हैं। इस वीडियो के साथ आयशा ने लिखा, "दुर्भाग्य से मुझे पुलिस वैन में बैठाने के लिए चार महिला पुलिसकर्मियों की जरूरत पड़ी। लेकिन मैं फिर वही सवाल पूछती हूं, क्यों? क्या मैंने कोई शोर मचाया? क्या मैंने किसी से बहस शुरू की? मुझे किस बात पर हिरासत में लिया गया? सिर्फ सड़क पर खड़े होने के लिए? मैं तो पांच लोगों के समूह में भी नहीं थी।"
यह भी पढ़ें : 'पुलिस पर हमला करने वाले स्टूडेंट नहीं ', NEET पेपर लीक प्रोटेस्ट पर भड़कीं TV की अनुपमा
बाद में आयशा ने एक और वीडियो शेयर कर बताया कि उन्हें और अन्य लोगों को वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उन्होंने कहा कि वह अपने भाई और कुछ दोस्तों के साथ NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करने दादर पहुंची थीं। पुलिस ने वहां प्रदर्शन की अनुमति न होने की बात कही और उनके भाई समेत पुरुष दोस्तों को हिरासत में ले लिया। आयशा के मुताबिक, जब वह अपने भाई के बारे में जानकारी लेने की कोशिश कर रही थीं, तभी करीब 15 पुलिसकर्मियों ने उन्हें पुलिस वैन में बैठने के लिए कहा और बाद में उन्हें वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया। हिरासत पर सवाल उठाने के बावजूद आयशा ने वर्ली पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी "बहुत अच्छे और विनम्र" थे।
NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों का समर्थन मिला है। नसीरुद्दीन शाह, सलमान खान, अनुपम खेर, सोनाक्षी सिन्हा, रितेश देशमुख और अदिति राव हैदरी समेत कई सितारों ने छात्रों के समर्थन में पोस्ट साझा किए हैं। वहीं प्रकाश राज, शबाना आजमी और रैपर हनुमानकाइंड 'चलो संसद' मार्च में भी शामिल हुए थे। मुंबई में हुमा कुरैशी, साकिब सलीम और शालिनी पांडे भी प्रदर्शन में नजर आए। कथित NEET पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब कई शहरों तक फैल चुका है। छात्र परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे पर लगातार देशभर में प्रदर्शन जारी हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।