NEET पेपर लीक पर स्टूडेंट्स का सपोर्ट करने के बाद सलमान खान का पुराना वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में सलीम खान स्कूल के पेपर लीक से जुड़ा किस्सा सुना रहे हैं।

NEET पेपर लीक मामले में छात्रों के समर्थन में सलमान खान की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उनका एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो गया है। यह वीडियो 'द कपिल शर्मा शो' का है, जिसमें सलमान अपने पिता सलीम खान और भाइयों अरबाज व सोहेल खान के साथ नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान सलीम खान सलमान के स्कूल के दिनों का एक किस्सा सुनाते हैं, जिसमें कथित तौर पर लीक हुए परीक्षा पत्रों का जिक्र होता है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई। कुछ लोग सलमान का बचाव कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं।

वीडियो में सलीम खान ने क्या खुलासा किया?

वीडियो में सलीम खान बताते हैं कि उनके घर गणेश नाम के एक व्यक्ति की बहुत इज्जत होती थी। बाद में उन्हें पता चला कि वही व्यक्ति सलमान के लिए स्कूल की परीक्षा के कथित लीक हुए प्रश्नपत्र लाता था। सलीम खान ने कहा, "हमारे घर में गणेश नाम के लड़के की सबसे ज्यादा इज्जत थी, क्योंकि जब पेपर लीक होते थे तो वह सलमान के लिए लेकर आता था।" बातचीत के दौरान सलमान खान भी मुस्कुराते हुए स्वीकार करते नजर आते हैं कि उन्होंने कुछ परीक्षाएं उन लीक हुए पेपरों की मदद से पास की थीं। इस दौरान कपिल शर्मा, दर्शक और पूरा खान परिवार हंसता दिखाई देता है।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें : 'पुलिस पर हमला करने वाले स्टूडेंट नहीं ', NEET पेपर लीक प्रोटेस्ट पर भड़कीं TV की अनुपमा

सोशल मीडिया पर क्यों बंट गए लोग?

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स का कहना है कि यह स्कूल परीक्षा से जुड़ा पुराना किस्सा था, जिसकी तुलना NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षा से नहीं की जा सकती। वहीं कई लोगों ने इसे लेकर सलमान की आलोचना भी की। एक यूजर ने लिखा,"इसी वजह से वह इस मुद्दे का समर्थन कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने खुद भी ऐसा अनुभव किया है।" दूसरे यूजर ने लिखा, "बॉलीवुड के ज्यादातर लोग इस मुद्दे पर बोलने लायक नहीं हैं। उन्होंने स्टूडेंट्स की मेहनत नहीं देखी।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "हर नए विवाद पर लोग पुराने वीडियो आखिर ढूंढ़ कैसे लेते हैं?" एक कमेंट में लिखा गया, "सेलेब्रिटीज और उनकी दोहरी सोच।"

छात्रों के आंदोलन को लेकर सलमान खान ने और क्या कहा?

सलमान खान ने अपने बचपन की स्कूल यूनिफॉर्म वाली तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पेपर लीक बेहद गंभीर मामला है। सलमान खान ने कहा कि यह लड़ाई छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच की है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा, "यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है। इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक नहीं किया जाना चाहिए। इसका क्रेडिट सिर्फ हमारे देश के छात्रों को मिलना चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि सरकार भी उनका साथ देगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।" (पढ़ें पूरी खबर)