
अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो चुकी है। डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान करते हुए पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी पहले ही अपने जबरदस्त ट्विस्ट, सस्पेंस और इमोशनल कहानी की वजह से कल्ट स्टेटस हासिल कर चुकी है। इस बार खास बात यह है कि हिंदी वर्जन का अंत मलयालम वर्जन से अलग रखा गया है, जिससे दर्शकों को बिल्कुल नया अनुभव मिलने वाला है। शूटिंग खत्म होने के साथ ही अब फैंस की नजरें फिल्म के ट्रेलर, रिलीज डेट और नए रहस्यों पर टिक गई हैं।
डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें साझा कर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी। एक तस्वीर में वह मॉनिटर के सामने बैठे नजर आए, जबकि दूसरी में फिल्म का क्लैपबोर्ड दिखाई दिया, जिस पर “इट्स अ रैप” लिखा था। इस पोस्ट के साथ उन्होंने पूरी टीम के लिए इमोशनल मैसेज भी शेयर किया।
अभिषेक पाठक ने लिखा, “और इस तरह ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी हो गई। पिछले कई महीनों से यह फिल्म हमारी दुनिया बनी हुई थी। हमने अनगिनत दिन और रातें साथ बिताईं, दृश्यों को बेहतर बनाया, मुश्किल का हल निकाला, हंसी-मजाक किया और चुनौतियों को पार करते हुए इस कहानी को जीवंत बनाया। आप सभी के भरोसे, मेहनत, धैर्य और फिल्म पर विश्वास के लिए धन्यवाद। इस फिल्म के हर फ्रेम में आप सभी का जुनून और दिल शामिल है।”
निर्माताओं ने पहले ही संकेत दिया था कि ‘दृश्यम 3’ के हिंदी वर्जन का अंत मूल मलयालम फिल्म से अलग रखा गया है। यही वजह है कि जिन दर्शकों ने मोहनलाल की फिल्म देख ली है, उन्हें भी हिंदी वर्जन में नया सस्पेंस और अलग अनुभव देखने को मिलेगा। यह बदलाव फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी माना जा रहा है।
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। विजय वह शख्स है जो अपने परिवार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। पिछली दो फिल्मों में उसके दिमागी खेल और रणनीतियों ने दर्शकों को हैरान कर दिया था। तीसरे भाग में भी कहानी इसी रहस्य और तनाव को आगे बढ़ाती दिखाई देगी। ‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और रजत कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, दूसरे भाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अक्षय खन्ना इस बार फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे। उनकी गैरमौजूदगी कहानी में नए मोड़ और नए किरदारों के लिए जगह बना सकती है। फिल्म 2 अक्टूबर को थिएटर्स में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।