
अजय देवगन की हिंदी क्राइम थ्रिलर 'दृश्यम द कन्क्लूजन' बॉक्स ऑफिस पर सरपट दौड़ रही है। तीन दिन में इस फिल्म ने दुनियाभर में ही नहीं, भारत में ग्रॉस कलेक्शन के मामले में भी 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। मेकर्स के मुताबिक़, यह फिल्म भले ही मलयालम की मोहनलाल स्टारर 'दृश्यम 3' की रीमेक नहीं है। लेकिन इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म मलयालम फिल्म की ही रीमेक है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि डायरेक्टर जीतू जोसेफ को 'दृश्यम' बनाने का आइडिया कहां से आया था? खुद जीतू ने एक इंटरव्यू के दौरान उस घटना का जिक्र किया था, जिसने उन्हें 'दृश्यम' की कहानी लिखने के लिए प्रेरित किया।
इसी साल मई में जब मोहनलाल स्टारर मलयालम फिल्म 'दृश्यम 3' रिलीज हुई, तब एक प्रमोशनल इंटरव्यू के दौरान जीतू जोसेफ ने फिल्म की कहानी के पीछे के आइडिया पर बात की थी। उन्होंने फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 'दृश्यम' (2013) की रिलीज के लगभग 13 साल बाद यह माना था कि पहली फिल्म की कहानी लिखते समय उनकी एक सोच थी, जो दर्शकों के रिएक्शन के बाद गलत साबित हुई। जीतू ने यह भी बताया कि आखिर किस असली घटना ने उन्हें ‘दृश्यम’ की कहानी लिखने का आइडिया दिया था।
यह भी पढ़ें : Drishyam 3 Collection Day 3: 'दृश्यम 3' की धुरंधर कमाई, 3 दिन में 'धमाल 4' समेत कई मूवीज को पछाड़ा
जीतू जोसेफ के मुताबिक, ‘दृश्यम’ की कहानी का बीज एक असली पारिवारिक विवाद से निकला था। यह मामला एक लड़के और लड़की से जुड़ा था और बाद में पुलिस केस तक पहुंच गया था। उन्होंने बताया कि उस समय किसी शख्स ने उनसे कहा था कि इस विवाद में दोनों परिवार अपनी-अपनी जगह सही भी थे और गलत भी। सवाल यह था कि ऐसी स्थिति में आखिर किसका पक्ष लिया जाए। जीतू के मुताबिक, यही सवाल उनके दिमाग में लंबे समय तक घूमता रहा।
जीतू ने बताया कि यह घटना साल 2000 की थी, जब वह फिल्म इंडस्ट्री में आए भी नहीं थे। वह सोचने लगे कि अगर ऐसी नैतिक रूप से उलझी हुई कहानी थिएटर में दिखाई जाए, तो दर्शक किसके साथ खड़े होंगे। उनके मन में सवाल था कि क्या दर्शकों का मन दोनों पक्षों के बीच लगातार झूलता रहेगा? इसी विचार ने आगे चलकर ‘दृश्यम’ का रूप लिया।
फिल्म पूरी होने के बाद जीतू को एहसास हुआ कि उन्होंने दर्शकों को लेकर गलत अनुमान लगाया था। उन्हें उम्मीद थी कि दर्शक दोनों परिवारों के बीच बंटे रहेंगे, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ। जीतू ने कहा, “फिल्म देखने के बाद मुझे लगा कि मुझसे गलती हुई थी, क्योंकि वह संतुलन बना ही नहीं। हर कोई मजबूती से जॉर्जकुट्टी (मोहनलाल) और उसके परिवार के साथ खड़ा था।” जीतू जोसेफ ने गीता प्रभाकर (आशा शरत) के किरदार का पक्ष भी रखा। उनका कहना था कि एक मां के तौर पर अपने लापता बेटे को ढूंढना और सच्चाई जानने की कोशिश करना उसके लिए स्वाभाविक था।
यह भी पढ़ें : Drishyam 3 Advance Booking Day 3: 'दृश्यम 3' देखने टूट पड़े लोग! ऐसी रही रविवार की एडवांस बुकिंग
उन्होंने कहा, “अगर आप सोचें तो क्या हम वाकई गीता प्रभाकर को दोष दे सकते हैं? उसका बेटा गायब हो गया है और वह सच जानने के लिए बेताब है। उसकी नजर से देखें तो जॉर्जकुट्टी हर चीज को अपने हिसाब से मोड़ रहा है। वह इसे कैसे सहन करती? उसके बेटे ने उसे अपनी गलती कभी बताई ही नहीं थी, इसलिए वह सच्चाई पर विश्वास करने के लिए तैयार नहीं थी। एक मां के तौर पर वह सच से अनजान थी। यही ‘दृश्यम’ की मूल चिंगारी थी।”
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।