
पंजाबी अभिनेत्री तानिया के पिता और वरिष्ठ डॉक्टर अनिल जीत सिंह कंबोज को शुक्रवार (4 जुलाई) को दो अज्ञात लोगों ने उनकी क्लीनिक में घुसकर गोली मार दी और इस वजह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह मामला पंजाब के मोगा जिले के कोट ईसे खान कस्बे का है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब तानिया के पिता क्लिनिक में थे, तब वहां पर दो लोग इलाज कराने के बहाने से आए और फिर दवा पूछने के बहाने से उनसे बात करने लगे। इस बीच उनमें से एक शख्स ने अचानक पिस्तौल निकाली और फायरिंग करने लग गया। इस दौरान तानिया के पिता के सीने पर एक गोली लग गई। वहीं दूसरी उनके हाथ में लगी। ऐसे में उन्हें तुरंत मोगा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और वे फिलहाल अपनी जिंदगी मौत से लड़ रहे हैं।
रिपोर्ट्स में यह भी खुलासा हुआ है कि तानिया के पिता को हमले से पहले धमकियां मिल रही थीं, हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार इसकी कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। इस बारे में बात करते हुए पुलिस के अधिकारी ने कहा, 'हमलावर एक प्लानिंग के साथ आए थे। वो मरीज बनकर डॉ. कंबोज के पास पहुंचे और फिर उन्होंने पास जाकर गोली चलाई। हम जबरन वसूली की धमकियों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।'
पुलिस ने नर्सिंग होम को सील कर दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। अधिकारी संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने और उनकी पहचान करने के लिए आस-पास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। जल्दी गिरफ्तारी करने के लिए, विशेष पुलिस टीमों को तैनात किया गया है, और पूरे जिले में चेकपॉइंट स्थापित किए गए हैं। आपको बता दें इस घटना के बाद तानिया की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।
वहीं तानिया की बात करें, तो वो पंजाब की रहने वाली हैं, लेकिन उनका जन्म 6 मई 1993 को झारखंड के जमशेदपुर में हुआ था। तानिया को बचपन से एक्टर बनने का शौक था। ऐसे में उन्होंने डॉक्टर की पढ़ाई की और बीच में ही एक्टिंग लाइन में आ गईं। तानिया को साल 2018 की पंजाबी फिल्म किस्मत में उनके जबरदस्त काम के लिए जाना जाता है, जिसमें एमी विर्क और सरगुन मेहता भी लीड रोल में थे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।