मिमी चक्रवर्ती ने सिद्धार्थ दत्ता के साथ शादी की रजिस्ट्री कर ली है। उनकी वेडिंग तस्वीरें वायरल हैं, लेकिन कौन हैं उनके पति और कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी? जानिए पूरी कहानी।
बंगाली सिनेमा की खूबसूरत और मशहूर एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। लंबे समय तक अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखने वाली मिमी ने अब अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। उनकी शादी की पहली तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। लेकिन इस पूरी कहानी में सबसे ज्यादा दिलचस्पी उस शख्स को लेकर है, जिसने एक्ट्रेस का दिल जीत लिया। आखिर कौन हैं सिद्धार्थ दत्ता और कैसे शुरू हुई दोनों की कहानी?
सफेद-सुनहरे लिबास में दुल्हन बनीं एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती
37 साल की मिमी चक्रवर्ती ने 26 नवंबर 2026 को कोलकाता में एक निजी समारोह में सिद्धार्थ दत्ता के साथ रजिस्ट्री मैरिज की। इस मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और कुछ खास दोस्त मौजूद रहे। कपल ने एक-दूसरे को अंगूठियां पहनाईं और शादी के रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस खास मौके के लिए मिमी ने सफेद और सुनहरे रंग का खूबसूरत परिधान चुना। उनकी ड्रेस पर बारीक गोल्डन लेस और कढ़ाई का काम था। इसके साथ उन्होंने पन्ने की ज्वेलरी पहनी, जिसने उनके लुक को और खास बना दिया। वहीं सिद्धार्थ सफेद पंजाबी और पायजामे में नजर आए। दोनों की एक-दूसरे के करीब खड़े होकर शादी की अंगूठियां दिखाती तस्वीर भी खूब पसंद की जा रही है।
कौन हैं मिमी चक्रवर्ती के पति सिद्धार्थ दत्ता?
मिमी के पति सिद्धार्थ दत्ता का फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से कोई सीधा नाता नहीं है। वह पेशे से मरीन इंजीनियर हैं और मर्चेंट नेवी में काम करते हैं। यही वजह है कि शादी की खबर सामने आने के बाद लोग उनके बारे में जानने के लिए काफी उत्सुक हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिमी और सिद्धार्थ की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की जान-पहचान दोस्ती में बदली और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने अपने रिश्ते को काफी समय तक निजी रखा। सिद्धार्थ लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं और उनका परिवार भी समुद्री नौवहन के पेशे से जुड़ा हुआ है। सिद्धार्थ की भाभी त्रमिला भट्टाचार्य बंगाली टेलीविजन की जानी-पहचानी एक्ट्रेस हैं।
5 दिसंबर को होगा मिमी चक्रवर्ती की शादी का जश्न
कोलकाता में रजिस्ट्री मैरिज के बाद मिमी और सिद्धार्थ की शादी का जश्न अभी खत्म नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल दिसंबर में नॉर्थ बंगाल के खूबसूरत पहाड़ी इलाके कलिम्पोंग में पारंपरिक शादी समारोह आयोजित करने वाला है। बताया जा रहा है कि 3 दिसंबर को कॉकटेल और डिनर, 4 दिसंबर को मेहंदी और संगीत की रस्में होंगी। इसके बाद 5 दिसंबर को मुख्य पारंपरिक शादी समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं, 11 दिसंबर को कोलकाता में रिसेप्शन होने की भी खबर है, जिसमें बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे शामिल हो सकते हैं।
मिमी चक्रवर्ती को सितारों ने दी बधाई
मिमी की शादी की तस्वीरें सामने आते ही बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों और कलाकारों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। शुभश्री गांगुली, ओइंद्रिला सेन, विक्रम चटर्जी, पर्णो मित्रा, ईशा साहा और अनिंदिता बसु समेत कई कलाकारों ने नए जोड़े को शुभकामनाएं दीं। फैशन डिजाइनर अभिषेक रॉय ने भी शादी की पहली तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "द जर्नी हैज बिगन।" यानी एक नए सफर की शुरुआत हो गई है। शादी के इस छोटे से समारोह में अभिनेता अनिंद्य चटर्जी और डिजाइनर अभिषेक रॉय की मौजूदगी भी खास रही।
बंगाली सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा हैं मिमी चक्रवर्ती
मिमी चक्रवर्ती ने अपने करियर में बंगाली सिनेमा को कई सफल फिल्में दी हैं। 'बोज्हेना शेय बोज्हेना', 'प्रलोय', 'शुधु तोमारी जोन्यो', 'टोटल दादागिरी', 'धनंजय', 'क्रिसक्रॉस' और 'रक्तबीज' उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं। सिर्फ फिल्मों तक ही नहीं, मिमी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी पहचान बनाई है। वह 'जहा बोलिबो सत्य बोलिबो' और 'क्वींस' जैसी वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं। हिंदी सिनेमा में भी उन्होंने 'शास्त्री विरुद्ध शास्त्री' के जरिए काम किया है। इसके अलावा वह सैफ अली खान, प्रतीक गांधी और दीपक डोबरियाल के साथ आने वाले ऐतिहासिक ड्रामा 'हम हिंदुस्तानी' से भी जुड़ी हैं।














