
एंटरटेनमेंट डेस्क. एक्ट्रेस जिया खान सुसाइड केस में शुक्रवार (28 अप्रैल) को 10 साल बाद फैसला सुनाया गया। CBI स्पेशल कोर्ट ने सूरज पंचोली को जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से बरी कर दिया। अब इस फैसले के बाद सूरज पंचोली का रिएक्शन सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि बीते 10 साल उनके लिए कितने दर्दनाक रहे हैं।
आज मैंने अपना कॉन्फिडेंस वापस जीत लिया है- सूरज
सूरज पंचोली ने कहा, 'यह फैसला 10 लंबे और दर्दनाक साल बाद आया है। इसके इंतजार में मेरी रातों की नींद उड़ गई थी, लेकिन आज मैंने न केवल ये केस जीता है बल्कि मैंने अपना कॉन्फिडेंस भी वापस जीत लिया है। इस तरह के गंदे आरोपों के साथ दुनिया का सामना करने के लिए बहुत हिम्मत की जरूरत होती है।'
ये 10 साल मुझे कौन लौटाएगा- सूरज
सूरज पंचोली ने आगे कहा, 'मैं ईश्वर से आशा और प्रार्थना करता हूं कि इतनी कम उम्र में जो कुछ मैंने झेला है, ऐसा किसी और के साथ न हो। मुझे नहीं पता कि मेरी लाइफ के ये 10 साल मुझे कौन लौटाएगा, लेकिन मुझे खुशी है कि आखिरकार ये मौका आ गया है। न सिर्फ मेरे लिए बल्कि विशेष रूप से मेरी फैमिली के लिए। इस दुनिया में शांति से बड़ा कुछ भी नहीं है।'
जिया ने 2013 में किया था सुसाइड
जिया खान और सूरज पंचोली रिलेशनशिप में थे। इसके बाद जिया खान ने 3 जून 2013 को अपने जुहू अपार्टमेंट में सुसाइड कर लिया था और सुसाइड नोट में सूरज के साथ अपने रिश्ते को सुसाइड का जिम्मेदार बताया था। इस नोट से जिया के सूरज के साथ बिगड़ते रिश्तों के कारण नर्वस ब्रेकडाउन सहित कई खुलासे हुए थे। उसके बाद जिया की मां ने सूरज के खिलाफ केस दर्ज किया और आरोप लगाते हुए कहा कि सूरज ने जिया को आत्महत्या के लिए मजबूर किया था।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।