
फिल्म मेकर महेश कलावाडिया उर्फ महेश जीरावाला कई दिनों से लापता हैं। दरअसल 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश हुआ था। इस घटना में 290 लोगों की मौत हुई, जिसमें 271 यात्री और 29 अन्य लोग शामिल हैं। ऐसे में आशंका है कि महेश भी उनमें से एक है। महेश की पत्नी का कहना है कि उनकी आखिरी लोकेशन दुर्घटना स्थल से 700 मीटर दूर की दिखाई दे रही है। इस वजह से सभी कयास लगा रहे हैं कि कहीं वो इस हादसे का शिकार तो नहीं हो गए हैं।
महेश की पत्नी ने कहा, 'दोपहर 1:14 पर मेरे पति ने मुझे फोन कर बताया था कि उनकी मीटिंग खत्म हो गई है और वो घर के लिए निकल रहे हैं। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे नहीं लौटे, तो मैंने उन्हें कॉल किया, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ बता रहा था। इसके बाद मैंने पुलिस को सूचना दी, तो उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन से पता चला कि वो एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश के दुर्घटनास्थल से लगभग 700 मीटर की दूरी पर थे। दोपहर 1.40 बजे (विमान दुर्घटना के एक मिनट बाद) से उनका फोन बंद हो गया। वहीं उनका स्कूटर और मोबाइल फोन गायब है। यह सब अजीब है क्योंकि वो घर आने के लिए कभी उस रास्ते का इस्तेमाल नहीं करते थे। हालांकि, हमने यह पता करने के लिए डीएनए सैंपल जमा करा दिए हैं, कि क्या वह दुर्घटना में जमीन पर मारे गए लोगों में से एक हैं या नहीं।'
आपको बता दें महेश जीरावाला नरोदा के रहने वाले हैं। महेश के परिवार में उनकी पत्नी हेतल और दो बच्चे- एक बेटी और एक बेटा हैं। उन्हें एड वीडियोज बनाने के साथ-साथ म्यूजिक वीडियो बनाने के लिए भी जाना जाता है। वो प्रोडक्शन हाउस महेश जीरावाला प्रोडक्शंस के सीईओ हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने साल 2019 में आई फिल्म कॉकटेल प्रेमी पग ऑफ रिवेंज का भी निर्देशन किया था, जिसमें आशा पांचाल और वृति ठक्कर लीड रोल में थीं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।