'सलमान खान केस' पर बनी 'काला हिरण' कर क्यों पछता रहे गोविंद नामदेव! खुद बताई फिल्म करने की वजह

Published : Jun 14, 2026, 02:18 PM IST
Kala Hiran Film Controversy

सार

सलमान खान ब्लैकबक केस फिल्म विवाद: क्या 'काला हिरण' फिल्म से फिर भड़का 27 साल पुराना विवाद? क्या गोविंद नामदेव को फिल्म की असली कहानी नहीं बताई गई? आखिर ट्रेलर देखकर एक्टर क्यों रह गए हैरान? सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा क्यों खटखटाया? क्या फिल्म की रिलीज पर लग सकती है रोक? जानिए पूरे विवाद की अंदर की कहानी।

1998 के चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही फिल्म 'काला हिरण' रिलीज से पहले ही बड़े विवाद में फंस गई है। फिल्म के ट्रेलर में सलमान खान जैसा दिखने वाला किरदार देख एक्टर गोविंद नामदेव ने खुद को इस प्रोजेक्ट से लगभग अलग कर लिया है। उनका दावा है कि उन्हें फिल्म की असली कहानी और प्रेजेंटेशन के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। दूसरी ओर सलमान खान ने भी फिल्म के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है और दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। ऐसे में यह विवाद लगातार गहराता जा रहा है।

सलमान खान विवाद से जुड़ी फिल्म पर नया बवाल

प्रोड्यूसर अमित जानी की फिल्म 'काला हिरण' का फर्स्ट लुक सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया। फिल्म को गुरु जंभेश्वर भगवान और बिश्नोई समाज को समर्पित बताया गया है। ट्रेलर में एक ऐसा किरदार दिखाया गया है जिसकी शक्ल, स्टाइल और हाथ में पहना गया ब्रेसलेट सलमान खान की याद दिलाता है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर फिल्म को सीधे तौर पर सलमान खान के ब्लैकबक केस से जोड़कर देखा जा रहा है। फिल्म में वकील की भूमिका निभा रहे दिग्गज एक्टर गोविंद नामदेव ने भी ट्रेलर देखने के बाद नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "मैं सलमान खान के खिलाफ कभी कोई फिल्म नहीं करूंगा।"

यह भी पढ़ें : Kala Hiran Star Cast : 'काला हिरण' में कौन बना सलमान खान? बाकी स्टार कास्ट के बारे में भी जानें

'काला हिरण' का ट्रेलर देख हिले गोविंद नामदेव

अमर उजाला से बातचीत में गोविंद नामदेव ने कहा, "जैसे ही मैंने ट्रेलर देखा, मैं पूरी तरह हिल गया। मुझे तुरंत समझ आ गया कि यह वही फिल्म नहीं है जिसके लिए मैंने शूटिंग की थी। हमें कभी नहीं बताया गया था कि फिल्म में सलमान खान जैसा दिखने वाला किरदार दिखाया जाएगा। ट्रेलर देखते ही लगा कि मुझे अंधेरे में रख कर मेरा इस्तेमाल किया गया है। जो मुझे बताया गया था और जो बनाया गया है, उनमें ज़मीन-आसमान का फर्क है।"

गोविंद नामदेव का दावा- 'संभल' नाम से सुनाई गई थी कहानी

गोविंद नामदेव के मुताबिक़, शुरुआत में उन्हें बताया गया था कि फिल्म का नाम 'संभल' है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल कोर्टरूम सीक्वेंस शूट करने की जानकारी दी गई थी। उनके मुताबिक, उन्हें यही बताया गया था कि फिल्म में अदालत में सामने आए तथ्यों को दिखाया जाएगा और कोई नई कहानी नहीं जोड़ी जाएगी। बकौल नामदेव, "मुझे लगा कि जो बातें पहले से रिकॉर्ड हैं, उन्हें दिखाने में कोई बुराई नहीं है। इसलिए मैं यह फिल्म करने को तैयार हुआ।"

बिश्नोई गैंग को लेकर गोविंद नामदेव ने रखी अपनी राय

गोविंद नामदेव ने इंटरव्यू के दौरान यह स्पष्ट किया कि वह किसी भी बिश्नोई गैंग को अपना आदर्श नहीं मान सकते। उन्होंने कहा, "मैं ऐसा सोच भी नहीं सकता। मुझे लगा था कि मैं सिर्फ कोर्ट वाले हिस्से का हिस्सा हूं, लेकिन अब जो सामने आया है, उसने मुझे भी असहज कर दिया है।"

यह भी पढ़ें : Kala Hiran Teaser Out: काला हिरण' टीजर में सलमान खान जैसी कहानी, लॉरेंस बिश्नोई एंगल ने काटा बवाल

फिल्म निर्माताओं का दावा- किरदार काल्पनिक हैं

विवाद बढ़ने के बीच निर्माताओं ने डिस्क्लेमर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि फिल्म के सभी पात्र और घटनाएं पूरी तरह काल्पनिक हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि फिल्म 1998 के ब्लैकबक शिकार मामले से प्रेरित जरूर है, लेकिन मनोरंजन के लिए कई हिस्सों को काल्पनिक बनाया गया है।

सलमान खान पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट

फिल्म के खिलाफ सलमान खान ने कानूनी कदम उठाया है। सुपरस्टार ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दावा किया है कि फिल्म और उसके पोस्टर में उनकी छवि, व्यक्तित्व और पहचान का स्पष्ट इस्तेमाल किया गया है। याचिका में कहा गया है कि पोस्टर में दिखाया गया किरदार उनसे काफी मिलता-जुलता है और इससे जनता के बीच गलत संदेश जा सकता है। मामले की सुनवाई अब 19 जून को होनी है। ऐसे में सबकी नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं कि फिल्म की रिलीज पर कोई असर पड़ता है या नहीं।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Lock Upp 2 Host Fees: एक एपिसोड की कितनी फीस लेंगे फराह खान-रितेश देशमुख?
83 साल के अमिताभ बच्चन ने एक दिन में की 12 फिल्मों की शूटिंग, जुनून देख हर कोई हैरान!