
दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने के आरोप में चर्चा में आई 15 रुचिका सिंह के माफीनामे पर एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने रिएक्शन दिया है। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में दावा किया कि नाबालिग लड़की को प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने भड़काया था और बच्चों को ऐसी विचारधाराओं से बचाने की जरूरत है। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सजा के बजाय बच्चों को सही दिशा दिखाने और उनकी गलतियों से सीखने का संदेश दिया। दोनों के रिएक्शंस अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लड़की के माफीनामे का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, "यह बमुश्किल 15 साल की है। यह खुद कह रही है कि उसने अपनी पूरी जिंदगी में कभी मोदी जी के खिलाफ कुछ पोस्ट नहीं किया था, लेकिन उस दिन उसके दोस्त उसे वहां ले गए और लोगों ने उसे गालियां देने के लिए उकसाया। आइए, अपने बच्चों को बुरी सोच फैलाने वालों और भटकाने वाली विचारधाराओं से बचाएं। हमें अपने बच्चों की रक्षा करनी होगी।"
उन्होंने आगे लिखा, "खुद ध्यान दीजिए कि प्रदर्शन में स्कार्फ या बुर्का पहनने वाली एक भी लड़की इस तरह का प्रदर्शन करती नहीं दिखी, लेकिन हमारी बेटियां आसानी से बहकाई जा रही हैं। ऐसा क्यों? कहीं न कहीं हम एक समाज के रूप में असफल हो रहे हैं। हमें आत्ममंथन करना चाहिए और अपनी बेटियों की सुरक्षा करनी चाहिए।"
माफी मांगते हुए रुचिका सिंह ने कहा, "मैं प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के बहकावे में आ गई थी और प्रधानमंत्री के खिलाफ बहुत गलत बातें कह दीं। मेरी उम्र सिर्फ 15 साल है। मैंने जो किया, वह माफ करने लायक नहीं है। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मुझे अपने किए पर बहुत शर्मिंदगी है। मैं खुद की तरफ भी नहीं देख पा रही हूं। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।"
पूरे विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रिएक्शन दिया। उन्होंने शुक्रवार रात शेयर की गई अपनी एक रील में कहा, "ये भटके हुए बच्चे हैं और इन्हें सही रास्ता दिखाना हमारी जिम्मेदारी है। इन्हें सजा देकर, अदालतों के चक्कर लगवाकर या समाज में परेशान करके परिस्थितियां नहीं बदलेंगी।" उन्होंने आगे कहा, "बच्चों, आइए देश के लिए साथ आगे बढ़ते हैं। कुछ नया सीखिए और अपनी गलतियों से भी सीखिए। मैं आपके लिए जीता हूं और आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करता हूं। आइए, मिलकर देश को आगे बढ़ाएं।"
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत पिछली बार फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आई थीं। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और अन्य प्रोडक्शन हाउस के सहयोग से बनाया गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।