
मुंबई। एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना के लिए हाल ही में एक बेहद खास और यादगार पल आया, जब उनकी मुलाकात टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से हुई। दोनों ने सालों पहले सुपरहिट टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में साथ काम किया था। शो में स्मृति ईरानी ने मुख्य किरदार 'तुलसी' निभाया था, जबकि करिश्मा तन्ना 'इंदिरा' के रोल में नजर आई थीं। लंबे समय बाद हुई इस मुलाकात को करिश्मा ने अपने लिए 'फुल सर्कल मोमेंट' बताया।
प्रेग्नेंट करिश्मा तन्ना ने सोशल मीडिया पर स्मृति ईरानी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में करिश्मा ग्रे रंग के टॉप और ब्लैक बैगी पैंट में नजर आ रही हैं, जिसमें उनका बेबी बंप भी साफ दिखाई दे रहा है। वहीं स्मृति ईरानी लाल रंग के कुर्ता-सेट में दिखाई दीं। एक तस्वीर में स्मृति करिश्मा को गले लगाते हुए नजर आ रही हैं।
इन तस्वीरों को शेयर करते हुए करिश्मा ने लिखा, "मैंने 'क्योंकि' में उनके साथ अपना सफर शुरू किया था और कई साल बाद आज हम यहां हैं। यह मेरे लिए एक फुल सर्कल मोमेंट है। धन्यवाद @smritiiraniofficial, यह मुलाकात सच में बहुत खास रही।" करिश्मा द्वारा शेयर की गई अन्य तस्वीरों में उनके पति वरुण बंगेरा और परिवार के अन्य सदस्य भी नजर आए। तस्वीरों में सभी के बीच खुशी और अपनापन साफ दिखाई दे रहा था।
करिश्मा तन्ना ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2001 में टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से की थी। उन्होंने 2005 तक शो में इंदिरा गांधी/इंदिरा विरानी का किरदार निभाया। इसके बाद उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में कई लोकप्रिय शो किए।
करिश्मा तन्ना 'कहीं तो मिलेंगे', 'विरासत', 'अदालत', 'F.I.R.' और 'नागिन 3' जैसे कई चर्चित टीवी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्हें आखिरी बार निर्देशक हंसल मेहता की नेटफ्लिक्स सीरीज 'स्कूप' में देखा गया था, जहां उनके अभिनय की काफी सराहना हुई थी।
करिश्मा ने साल 2005 में फिल्म 'दोस्ती: फ्रेंड्स फॉरएवर' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह कई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहीं। उन्हें आखिरी बार साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म 'लाहौर कॉन्फिडेंशियल' में देखा गया था।
स्मृति ईरानी ने एक दशक से ज्यादा समय बाद 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के जरिए टेलीविजन की दुनिया में वापसी की है। उनकी वापसी को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
करिश्मा तन्ना और बिजनेसमैन वरुण बंगेरा ने साल 2022 में मुंबई में समुद्र किनारे आयोजित एक निजी समारोह में शादी की थी। शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इस साल अप्रैल में करिश्मा और वरुण ने घोषणा की थी कि वे अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। इसके बाद से करिश्मा लगातार अपनी प्रेग्नेंसी जर्नी की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कर रही हैं।
मई में करिश्मा ने अपने साउथ इंडियन तुलु-स्टाइल बेबी शॉवर की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे, जिन्हें फैंस ने खूब पसंद किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा था कि इस समारोह में मिले प्यार, आशीर्वाद और भावनाओं को वह अब भी महसूस कर रही हैं। तुलु परंपराओं, पूजा-पाठ, मंत्रों, फूलों और पारंपरिक रस्मों ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।