
अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति' यानी KBC से जुड़ी एक वायरल वीडियो क्लिप ने पंजाब में विवाद खड़ा कर दिया है। करीब दो मिनट की इस क्लिप में 12 लाख 50 हजार रुपए के सवाल के तौर पर पंजाब को पुलिस थानों पर बम धमाकों से जोड़ने वाला सवाल पूछा जाता दिखाई देता है। इस पर संगरूर के एक वकील ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने वीडियो हटाने और पंजाब के लोगों से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। हालांकि, क्लिप के असली होने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
विवाद की वजह बनी करीब दो मिनट की वीडियो क्लिप में अमिताभ बच्चन एक प्रतियोगी से 12 लाख 50 हजार रुपए के लिए 12वां सवाल पूछते नजर आते हैं। सवाल कुछ इस तरह है- 'हाल ही में किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों पर बम धमाके करने से नहीं डरते?' इसके विकल्पों में पंजाब के साथ उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल का नाम दिखाया जाता है। क्लिप के मुताबिक, प्रतियोगी 50:50 लाइफलाइन का इस्तेमाल करता है। इसके बाद दो विकल्प हट जाते हैं और पंजाब को सही जवाब बताया जाता है। इसी सवाल पर आपत्ति जताते हुए कहा जा रहा है कि पंजाब को इस तरह अपराध और बम धमाकों से जोड़ना राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।
यह कानूनी नोटिस संगरूर के वकील इंदरजीत अरोड़ा ने अपने क्लाइंट रंजीत सिंह की ओर से भेजा है। नोटिस अमिताभ बच्चन को KBC के होस्ट के तौर पर, एबी कॉर्प लिमिटेड के जरिए और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर व सीईओ को भेजा गया है। एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके क्लाइंट ने उन्हें शो से जुड़े स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप दिखाई थी। इसके बाद उन्होंने कानूनी नोटिस भेजने का फैसला किया। वकील का कहना है कि KBC जैसे सामान्य ज्ञान पर आधारित शो में किसी राज्य को इस तरह अपराध से जोड़ने वाला सवाल पूछना उचित नहीं है।
नोटिस के जरिए अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी से विवादित सवाल और उससे जुड़ी वीडियो क्लिप को नेशनल मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की गई है। इसके अलावा पंजाब के लोगों से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने और पूरे मामले पर सफाई देने को कहा गया है। इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। वकील ने चेतावनी दी है कि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उनका कहना है कि किसी एक राज्य की छवि को इस तरह पेश करना ठीक नहीं है।
इस पूरे मामले में एक अहम सवाल वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर भी है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह क्लिप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से बनाई गई हो सकती है। खुद वकील इंदरजीत अरोड़ा ने भी इस संभावना से इनकार नहीं किया है। उनका कहना है कि अगर जांच में वीडियो AI से तैयार किया हुआ पाया जाता है, तो इसे बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी। फिलहाल यह साफ नहीं है कि वीडियो KBC के किसी वास्तविक एपिसोड का हिस्सा है या इसे एडिट अथवा AI की मदद से तैयार किया गया है। इसलिए इसकी पुष्टि होने तक क्लिप में दिखाए गए सवाल को शो में वास्तव में पूछा गया सवाल मानना सही नहीं होगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।