
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी की निजी जिंदगी में चल रही उथल-पुथल अब खुलकर सामने आ गई है। पति वीर साहू से अलग होने की खबरों के बीच सपना ने खुद तलाक की अर्जी दाखिल करने की बात कबूल की है। NMF News को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने रिश्ते, मां होने की जिम्मेदारी और दूसरी शादी को लेकर बेबाकी से बात की। बच्चों को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही टिप्पणियों पर भी सपना ने नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि उनकी निजी जिंदगी पर राय देने का हक किसी तीसरे को नहीं है। आखिर सपना ने अपने टूटते रिश्ते पर और क्या कहा?
सपना चौधरी ने NMF News के साथ बातचीत में साफ कर दिया कि उन्होंने वीर साहू से तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। रिश्ते में आई दूरी पर बात करते हुए उन्होंने कहा,
तलाक के लिए फाइल कर दिया है। जब सब अच्छा था तब साथ थे। लेकिन अब अच्छा नहीं है तो साथ नहीं है। हम दोनों ही इस चीज को समझ सकते हैं। कोई तीसरा आदमी इसमें अपनी राय नहीं रख सकता है। शादी हम दोनों के बीच का रिश्ता था। कोई तीसरा इसमें नहीं बोल सकता।
सपना के इस बयान से साफ है कि वह अपने रिश्ते को लेकर किसी बाहरी दखल के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने तलाक की वजहों पर विस्तार से कुछ बताने के बजाय इतना ही कहा कि इस रिश्ते को समझने का हक सिर्फ उन दोनों को है।
इंटरव्यू में सपना ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उनकी निजी जिंदगी और बच्चों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा,
कहना बहुत आसान होता है। कोई कहता है कि मैंने अपने बच्चे छोड़ दिए। मेरे बच्चे हैं मुझे पता है कैसे पालने हैं। मुझे नहीं सिखाया गया बच्चों को छोड़ना। आप लोग मेरे काम पर जज कीजिए। पर्सनली मुझे जज नहीं कीजिए।
सपना और वीर साहू ने साल 2020 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं। अपनी बात रखते हुए सपना ने यह भी जताया कि मां होने की जिम्मेदारी को लेकर उन्हें किसी से सीख लेने की जरूरत नहीं है।
सपना ने अपनी शादी और करियर के उस दौर को भी याद किया, जब वह बिग बॉस से बाहर आई थीं। उनके मुताबिक, उस समय वह काफी पॉपुलर थीं और शादी के बाद उन्होंने बहू, पत्नी और मां की भूमिका भी निभाई। लेकिन धीरे-धीरे उन्हें महसूस हुआ कि वह सिर्फ इन्हीं रिश्तों तक सीमित होकर रह गई हैं। उन्होंने कहा,
मैं अच्छी बहू, पत्नी, मां रही हूं। लेकिन फिर मुझे लगा कि मैं सिर्फ किसी की पत्नी, मां या भाभी बनकर नहीं रह सकती। मुझे उस समय खुद को ग्रूमिंग करनी चाहिए थी। लेकिन मैंने नहीं की और मैं भटक गई। मैं रिश्तों में उलझकर रह गई।
इस बयान में सपना ने अपने अनुभव और खुद को समय न दे पाने की बात स्वीकार की। उनका कहना था कि उस दौर में उन्हें अपने व्यक्तित्व और करियर पर भी ध्यान देना चाहिए था।
तलाक की अर्जी के बीच सपना से दूसरी शादी को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका दोबारा शादी करने का कोई इरादा नहीं है। सपना ने कहा,
नहीं। मुझे चलते फिरते प्यार नहीं होता। मैं इमोशनल हूं। दिल की गहराई से प्यार करती हूं। अगर आगे मुझे कोई वैसा मिला जो उस लायक है तो सोचेंगे। फिलहाल तो मुझे नहीं लगता कि मैं दूसरी शादी करूंगी।
यानी सपना ने भविष्य की संभावना पूरी तरह बंद नहीं की है, लेकिन अभी वह दूसरी शादी के बारे में नहीं सोच रही हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।