
टीवी पर एक ऐसा धारावाहिक दस्तक दे चुका है, जिसके हर एपिसोड के बाद निर्माता के.सी. बोकाडिया तक दर्शकों के सैकड़ों फोन और मैसेज पहुंच रहे हैं। कोई इसकी कहानी की तारीफ कर रहा है, तो कोई डायलॉग, सिनेमैटोग्राफी और लोकेशन का मुरीद बन गया है। आखिर इस शो में ऐसा क्या है, जो लोगों को अपने परिवार और रिश्तों की अहमियत फिर याद दिला रहा है? दिग्गज फिल्ममेकर ने मुंबई में मीडिया के साथ केक काटकर शो की सफलता का जश्न मनाया और बताया कि इसे बनाने के पीछे उनका मकसद सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश घर-घर पहुंचाना है।
के.सी. बोकाडिया के पारिवारिक धारावाहिक ‘संस्कार’ को दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रियाओं ने निर्माता को उत्साहित कर दिया है। उन्होंने बताया कि हर एपिसोड के बाद देश के अलग-अलग राज्यों, शहरों और गांवों से सैकड़ों फोन और मैसेज आते हैं। दर्शक शो के डायलॉग, सिनेमैटोग्राफी, लोकेशन और कहानी की तारीफ करते हैं।
डीडी नेशनल पर सोमवार से शुक्रवार रात 8 बजे प्रसारित होने वाला यह धारावाहिक पारिवारिक रिश्तों, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर केंद्रित है। शो की सफलता के बीच बोकाडिया ने मुंबई में मीडिया के साथ केक काटकर खुशी साझा की।
के.सी. बोकाडिया ने कहा, “अगर ‘संस्कार’ घर-घर तक पहुंच रहा है, तो यह पुण्य का काम है, क्योंकि आज परिवार बिखर रहे हैं। अगर ‘संस्कार’ सीरियल देखकर 10 प्रतिशत लोगों में भी परिवार के प्रति प्रेम और आदर जागता है, लोग संयुक्त परिवार की अहमियत समझ लेते हैं, परिवार टूटने या बिखरने से बचता है और लोग भारतीय संस्कारों को अपने जीवन में अपना लेते हैं, तो यह मेरे लिए बड़ी खुशी की बात होगी। मैंने इसे बहुत दिल से बनाया है। इससे पैसे कमाने के बारे में कभी नहीं सोचा, बल्कि एक सामाजिक संदेश घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। खुशी है कि ‘संस्कार’ दूरदर्शन के माध्यम से हर घर तक पहुंच रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “लोग आज भी पुरानी फिल्में और गाने ज्यादा पसंद करते हैं, क्योंकि उनमें भारतीय माहौल, संस्कृति और संस्कारों की झलक मिलती है। धारावाहिक ‘संस्कार’ दर्शकों को उन्हीं संस्कारों की याद दिलाता है।”
बीएमबी प्रोडक्शंस के बैनर तले बने इस मल्टी-स्टारर पारिवारिक ड्रामा को के.सी. बोकाडिया ने लिखा और निर्देशित किया है। इसके निर्माता राजेश बोकाडिया और के.सी. बोकाडिया हैं। शो में दर्शन जरीवाला, जरीना वहाब, अमन वर्मा, मुग्धा गोडसे, राकेश बेदी, पंकज बेरी, महेश ठाकुर, सुप्रिया कार्निक और राजेश खेरा समेत तीन दर्जन से ज्यादा कलाकार नजर आते हैं।
इसकी शूटिंग बनारस, जयपुर और कश्मीर की खूबसूरत लोकेशन्स पर हुई है। बोकाडिया का मानना है कि पारिवारिक कहानी और भारतीय संस्कृति की झलक ही इस शो को खास बनाती है।
‘प्यार झुकता नहीं’, ‘तेरी मेहरबानियां’, ‘कुदरत का कानून’, ‘आज का अर्जुन’, ‘फूल बने अंगारे’ और ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले के.सी. बोकाडिया अब टेलीविजन के जरिए परिवारों को जोड़ने का संदेश दे रहे हैं। इससे पहले उनका धारावाहिक ‘सरदार – द गेम चेंजर’ भी टीवी की दुनिया में उनकी रचनात्मक यात्रा का हिस्सा रहा है। ‘संस्कार’ के जरिए उनका प्रयास भारतीय पारिवारिक मूल्यों और आपसी सम्मान की अहमियत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।