
कोरियन ड्रामा 'डॉक्टर X: माफिया इन व्हाइट' (Doctor X: Mafia in White) इन दिनों कंट्रोवर्सी में घिर गई है। एक तरफ यह मेडिकल ड्रामा दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है, तो दूसरी ओर इसकी 6वें एपिसोड में दक्षिण कोरिया के ऐतिहासिक ग्वांगजू लोकतंत्र आंदोलन को दिखाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। मामला इतना बढ़ गया कि शो का प्रसारण रोकने की मांग को लेकर नेशनल असेंबली में याचिका तक दाखिल हो गई। हैरानी की बात है कि विवाद के बीच ही शो ने अपनी अब तक की सबसे ऊंची रेटिंग हासिल की।
विवाद का केंद्र 24 अक्टूबर 2026 को प्रसारित हुआ शो का छठा एपिसोड है। इसमें एक ऐसे मरीज की कहानी दिखाई गई, जिसके सिर में 1980 के ग्वांगजू आंदोलन के दौरान लगी गोली का टुकड़ा 46 साल बाद भी मौजूद है। ड्रामा में सर्जन क्ये सू-जंग का किरदार निभा रहीं किम जी-वोन इस मरीज का ऑपरेशन करने का फैसला करती हैं। दूसरे मेडिकल स्टाफ इस जोखिम भरी सर्जरी को लेकर हिचकिचाते हैं, लेकिन वह मरीज की मदद के लिए आगे आती हैं।
इस कहानी के जरिए शो ने ऐतिहासिक हिंसा के पीड़ितों के दर्द और लंबे समय तक बने रहने वाले मानसिक व शारीरिक जख्मों को दिखाने की कोशिश की। हालांकि, कुछ दर्शकों को मेडिकल ड्रामा में इस ऐतिहासिक घटना को शामिल करने का तरीका पसंद नहीं आया।
दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली के ऑनलाइन याचिका प्लेटफॉर्म पर ‘Doctor X’ का प्रसारण रोकने की मांग की गई। याचिकाकर्ता का कहना था कि ग्वांगजू आंदोलन से जुड़ा घटनाक्रम शो की मुख्य कहानी से अलग लगता है और इसे शामिल करने के पीछे किसी खास राजनीतिक विचार को आगे बढ़ाने की कोशिश हो सकती है। याचिका में शो के बनाने के प्रोसेस की जांच करने और टेलीकास्ट रोकने की मांग की गई। इसके अलावा, निर्माण टीम को नेशनल असेंबली के सामने बुलाने की मांग भी रखी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, याचिका को पब्लिक रिव्यू करने के लिए जरूरी शुरुआती 100 समर्थन मिल गए थे।
ग्वांगजू लोकतंत्र आंदोलन दक्षिण कोरिया के इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना है। मई 1980 में ग्वांगजू शहर में लोकतंत्र की मांग कर रहे नागरिकों और तत्कालीन सैन्य शासन के बीच हिंसक टकराव हुआ था। इस दौरान कई लोगों की जान गई और अनेक लोग घायल हुए। यह घटना आज भी दक्षिण कोरिया के लिए ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखती है।
‘डॉक्टर X’ को लेकर विवाद के बावजूद दर्शकों की दिलचस्पी कम होती नहीं दिखी। नीलसन कोरिया के आंकड़ों के अनुसार, छठे एपिसोड ने देशभर में 19.5 प्रतिशत की रेटिंग दर्ज की। यह शो की अब तक की सबसे ऊंची रेटिंग थी। एपिसोड के सबसे ज्यादा देखे गए हिस्से की रेटिंग 21.3 प्रतिशत तक पहुंची। पहले एपिसोड को 11.4 प्रतिशत रेटिंग मिली थी। इसके बाद दर्शकों की संख्या बढ़ती गई और छठी कड़ी ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
और पढ़ें: Ramayana: एडवांस बुकिंग में 2026 की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बनी ‘रामायण’, ‘धुरंधर 2’ से कितनी पीछे?
विवाद के बीच शो के मुख्य प्रोड्यूसर ली ओक-ग्यू ने सोशल मीडिया पर ड्रामा का पोस्टर साझा किया और उसके साथ ‘No Fear’ लिखा। इस पोस्ट के बाद लोगों ने अलग-अलग तरह के कयास लगाए।
और पढ़ें: New OTT Release: 9 फ़िल्में, 8 वेब सीरीज, जानिए इस हफ्ते ओटीटी पर क्या नया आ रहा?
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।