
'लॉक अप सीजन 2' के दौरान राम कपूर ने खुलासा किया है कि जब वह 13 साल के थे, तब स्कूल में उनका मोलेस्टेशन हुआ था। वैसे फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के पीछे कई ऐसे दर्द भी छिपे हैं, जिनके बारे में सितारों ने सालों बाद खुलकर बात की। बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई बड़े नामों ने पहले भी स्वीकार किया कि बचपन या किशोरावस्था में उन्हें सेक्शुअल हैरेसमेंट और छेड़छाड़ जैसी दर्दनाक घटनाओं का सामना करना पड़ा। किसी ने 3 साल की उम्र में यह सदमा झेला, तो कोई 13 साल की उम्र में इसका शिकार बना। इन सितारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए यह भी कहा कि ऐसे मामलों पर चुप रहने के बजाय खुलकर बात करना जरूरी है, ताकि पीड़ितों को आवाज मिल सके।
अक्षय कुमार ने बताया कि जब वह 6 साल के थे, तब लिफ्ट ऑपरेटर ने उनके साथ अनुचित हरकत की। उन्होंने कहा, "मैं बहुत परेशान हो गया था और मैंने अपने पिता को बताया। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।"
सोनम कपूर ने बताया कि 13 साल की उम्र में एक सिनेमाघर में एक व्यक्ति ने उनके साथ छेड़छाड़ की। उनके शब्दों में, "मैं कांपने लगी थी, रोने लगी थी और मुझे लंबे समय तक लगता रहा कि गलती मेरी ही थी।"
अनुराग कश्यप ने बताया कि बचपन में एक व्यक्ति ने लगातार 11 सालों तक उनका सेक्शुअल हैरेसमेंट किया। उन्होंने कहा कि सालों बाद जब वह उस व्यक्ति से मिले तो वह अपराधबोध में था, लेकिन उस दर्द से बाहर निकलना आसान नहीं था।
दीपिका पादुकोण ने बताया कि जब वह 14-15 साल की थीं, तब सड़क पर एक व्यक्ति ने उन्हें गलत तरीके से छुआ। उन्होंने चुप रहने के बजाय उस व्यक्ति का कॉलर पकड़ा और उसे थप्पड़ मार दिया।
पियूष मिश्रा ने अपनी आत्मकथा में खुलासा किया कि जब वह 7वीं कक्षा में थे, तब एक महिला रिश्तेदार ने उनका सेक्शुअल हैरेसमेंट किया। उन्होंने कहा कि इस घटना का असर उनके जीवन पर लंबे समय तक बना रहा।
फातिमा सना शेख ने खुलासा किया कि वह महज 3 साल की उम्र में सेक्शुअल हैरेसमेंट की शिकार हुई थीं। उन्होंने कहा कि समाज में पीड़ित को ही दोषी ठहराने की सोच के कारण लोग अक्सर ऐसी घटनाओं पर चुप रहते हैं।
कंगना रनौत ने बताया कि बचपन में उनसे 3-4 साल बड़ा एक लड़का उन्हें गलत तरीके से छूता था। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बच्चों के मन पर गहरा असर छोड़ती हैं और इनके बारे में खुलकर बात करना जरूरी है।
कल्कि कोचलिन ने बताया कि 9 साल की उम्र में वह सेक्शुअल हैरेसमेंट का शिकार हुई थीं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा डर यह था कि उनकी मां को इस घटना का पता चल जाएगा। लंबे समय तक उन्हें लगता रहा कि गलती उनकी ही थी।
कुब्रा सैत ने अपनी किताब में बताया कि 17 साल की उम्र में परिवार के एक करीबी व्यक्ति ने उनका सेक्शुअल हैरेसमेंट किया। उन्होंने लिखा कि आर्थिक मदद के कारण परिवार उस व्यक्ति पर भरोसा करता था और इसी वजह से वह लंबे समय तक चुप रहीं।
नीना गुप्ता ने अपनी आत्मकथा 'सच कहूं तो' में बताया कि बचपन में एक ऑप्टिशियन और दर्जी ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। उन्होंने लिखा, "मैंने मां को बताने की हिम्मत नहीं की, क्योंकि डर था कि कहीं वह यह न कह दें कि गलती मेरी ही थी।"
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।