
रियलिटी शो की दुनिया में तहलका मचाने वाला 'लॉक अप' एक बार फिर वापसी की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो का दूसरा सीजन पहले से ज्यादा बड़ा और अलग होने वाला है। सबसे बड़ी चर्चा इसकी होस्टिंग को लेकर हो रही है। दावा किया जा रहा है कि पहले सीजन को होस्ट करने वाली कंगना रनौत इस बार शो का हिस्सा नहीं होंगी और उनकी जगह रितेश देशमुख तथा फराह खान नजर आ सकते हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि शो को नए सीजन के लिए नेटफ्लिक्स पर लाया जा रहा है। हालांकि अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब कि पहला सीजन अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुआ था।
कंटेंट क्रिएटर जीविका सिंह ने हाल ही में एक रील शेयर करते हुए दावा किया कि 'लॉक अप' का दूसरा सीजन अगले एक महीने के भीतर दर्शकों के सामने आ सकता है। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर शो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहला सीजन जबरदस्त विवादों, टास्क और प्रतियोगियों के खुलासों की वजह से काफी चर्चा में रहा था। शो के पहले विजेता स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी बने थे।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मेकर्स ने 'लॉक अप 2' को इस बार नेटफ्लिक्स पर लाने का फैसला किया है। हालांकि नेटफ्लिक्स की ओर से अभी सिर्फ शो की वापसी की पुष्टि की गई है। प्लेटफॉर्म ने होस्ट या फॉर्मेट से जुड़ी किसी भी जानकारी का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। यही वजह है कि फैंस अब शो से जुड़े अगले अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरे सीजन में होस्टिंग की जिम्मेदारी दो बड़े चेहरों को दी जा सकती है। दावा है कि रितेश देशमुख शो के गंभीर, रणनीतिक और टकराव वाले हिस्सों को संभालेंगे, जबकि फराह खान अपने मजाकिया और हल्के-फुल्के अंदाज से मनोरंजन का तड़का लगाएंगी। अगर ऐसा होता है तो यह शो के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव माना जाएगा।
पहले सीजन में कंगना रनौत की बेबाक और आक्रामक होस्टिंग ने शो को अलग पहचान दिलाई थी। उनके तीखे सवाल और प्रतियोगियों के साथ टकराव वाले पल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे। इसी वजह से अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कंगना रनौत वास्तव में शो से बाहर हो चुकी हैं या मेकर्स किसी सरप्राइज का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल रितेश देशमुख और फराह खान के नाम सिर्फ रिपोर्ट्स और चर्चाओं तक सीमित हैं। नेटफ्लिक्स या शो के निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि इतना जरूर है कि 'लॉक अप 2' ने लॉन्च से पहले ही जबरदस्त चर्चा बटोर ली है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।