कच्चा बादाम गर्ल अंजलि अरोड़ा की 'श्री रामायण कथा' का ट्रेलर देख भड़के लोग, बोले- भगवान से डरो'

Published : Sep 17, 2026, 03:11 PM IST
Anjali-Arora-As-Sita-In-Mahakavya-Shri-Ramayan-Katha

सार

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। देव शर्मा, अंजलि अरोड़ा और रजनीश दुग्गल स्टारर फिल्म 25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में रिलीज होगी।

रामायण की कथा को बड़े पर्दे पर एक नए भावनात्मक अंदाज में पेश करने के इरादे से बनाई गई फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 2 मिनट 43 सेकंड के इस ट्रेलर में राम और सीता के रिश्ते, वनवास, सीता हरण, हनुमान की भक्ति और धर्म-अधर्म के संघर्ष की झलक दिखाई गई है। फिल्म में देव शर्मा भगवान राम, अंजलि अरोड़ा माता सीता और रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका में नजर आएंगे। शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। लेकिन यह ट्रेलर ऑडियंस को पसंद नहीं आ रहा है। खासकर अंजलि अरोड़ा समेत बाकी कलाकारों का रामायण के किरदार निभाना उन्हें खटक रहा है।

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ ट्रेलर में दिखा धर्म-अधर्म का संघर्ष

अभिषेक सिंह के डायरेक्शन में बनी ट्रेलर की कहानी रामायण के उन अहम पड़ावों से होकर गुजरती है, जो कथा की भावनात्मक नींव बनते हैं। राम-सीता के रिश्ते से लेकर वनवास और सीता हरण तक कई महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक मिलती है। आगे हनुमान की अटूट भक्ति और धर्म-अधर्म के बीच निर्णायक टकराव को भी जगह दी गई है। ट्रेलर की थीम को “अधर्म के सामने धर्म का नाम, श्री राम” लाइन के जरिए सामने रखा गया है। मेकर्स ने भव्यता से ज्यादा कथा, भाव और किरदारों के मूल स्वभाव पर जोर देने की कोशिश की है।

ट्रेलर देखने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने कैसे रिएक्ट किया ?

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर देखने के बाद ऑडियंस खुश नहीं है, बल्कि नाराजगी जता रही है। मसलन एक यूजर ने ट्रेलर के कमेंट बॉक्स में जाकर लिखा है, "भगवान से डरो सालो।" एक अन्य यूजर का कमेंट है, "जिसने भी इस मूवी को बनाने के बारे में सोचा होगा, उसका दिमाग सिर में से निकाल लेना चाहिए।" एक यूजर ने प्रभास स्टारर आदिपुरुष को याद करते हुए लिखा है, "आदिपुरुष के लिए रिस्पेक्ट बढ़ गई।" एक यूजर ने लिखा है, "डायरेक्टर को माता सीता जी के लिए कोई एक्टर दूसरा नहीं मिला।" एक यूजर ने अंजलि अरोड़ा के वायरल वीडियो को याद करते हुए लिखा है, "कच्चा बादाम कच्चा बादाम।" एक यूजर का कमेंट है, "जिसने साई पल्लवी के माता सीता के रोल पर सवाल उठाया, वो सही थे भाई। वे कभी अंजलि अरोड़ा की बराबरी नहीं कर सकतीं, खासकर कच्चा बादाम कच्चा बादाम में।" एक यूजर ने लिखा है, "अब यही देखना बाकी रह गया था।"

फिल्म को लेकर अंजलि अरोड़ा का क्या कहना है?

अंजलि अरोड़ा इस फिल्म से फीचर फिल्म डेब्यू कर रही हैं और उन्होंने माता सीता के किरदार को सिर्फ अभिनय की भूमिका नहीं माना। उन्होंने एक बातचीत में कहा, “माता सीता की जो बात मेरे दिल के सबसे करीब रही, वह उनका अटूट संकल्प था। उनकी कोमलता और गरिमा के पीछे असाधारण आंतरिक शक्ति थी। कठिन परिस्थितियों और लंबे अलगाव के बावजूद उन्होंने अपनी गरिमा, आस्था और मूल्यों को कभी नहीं छोड़ा। मेरे लिए सबसे जरूरी था कि मैं पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी उस आंतरिक शक्ति और गरिमा को अपने अभिनय में ला सकूं।”

‘जय श्री राम’ से लेकर ‘हे हनुमान’ तक संगीत का खास रोल

फिल्म के ट्रेलर में संगीत को कहानी के भावनात्मक और भक्तिमय माहौल का अहम हिस्सा बनाया गया है। कैलाश खेर, जावेद अली, फरहाद भिवंडीवाला, अनुराग शर्मा और सुनील सोनी ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी गानों को अपनी आवाज दी है। इससे पहले फिल्म के ‘सिया राम’, ‘राम जी की सेना’ और ‘हे हनुमान’ जैसे गाने सामने आ चुके हैं।

छत्तीसगढ़ की असली लोकेशन बनीं फिल्म की दुनिया का हिस्सा

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का छत्तीसगढ़ से खास कनेक्शन भी है। फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग राज्य की वास्तविक लोकेशंस पर हुई है। यानी कहानी के विजुअल संसार में वहां का प्राकृतिक भूगोल भी दिखाई देगा। प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला फिल्म के निर्माता हैं। हनी कुलदीप अग्रवाल और मोनिका सेन सह-निर्माता हैं। यह फिल्म 25 सितम्बर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में रिलीज होगी।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

कैटरीना संग रिश्ते के बीच रशियन मॉडल के साथ दिखे थे रणबीर कपूर? पत्रकार ने खोली उस रात की पोल
राम मंदिर फैसले से दुखी स्वरा भास्कर ने आमिर-सलमान को क्यों किया था मैसेज? 33 सेकेंड का Video Viral