
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभिनेता की एक माइनर सर्जरी हुई है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सुवेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अस्पताल से कुछ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लिखा कि मिथुन चक्रवर्ती अस्वस्थ होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं और वे उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती की गुरुवार रात एक छोटी सर्जरी की गई। सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभिनेता अब पहले से बेहतर हैं और जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि मिथुन चक्रवर्ती नहीं चाहते थे कि उनकी सर्जरी को लेकर अधिक प्रचार-प्रसार हो। अधिकारी ने कहा कि उनकी पहचान केवल एक राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के महान कलाकार के रूप में भी है और पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
और पढ़ें - सैफ अली खान-अमृता सिंह की शादी में नहीं गई थीं दोनों बहनें, 35 साल बाद सोहा-सबा ने किया खुलासा
मिथुन चक्रवर्ती भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने 1976 में फिल्म 'मृगया' से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। इसके बाद 'डिस्को डांसर' (1982) ने उन्हें देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई। उन्होंने अपने करियर में प्यार झुकता नहीं, अग्निपथ, गुलामी, गुरु, द कश्मीर फाइल्स जैसी कई सफल फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। टीवी पर भी मिथुन चक्रवर्ती ने डांस इंडिया डांस के ग्रैंड मास्टर के रूप में दर्शकों का दिल जीता और कई रियलिटी शोज में जज की भूमिका निभाई।
फिल्मी करियर के साथ-साथ मिथुन चक्रवर्ती राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वह पहले तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रहे, लेकिन 2016 में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा और पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में शामिल हो गए। हाल के चुनावों में भी उन्होंने पार्टी के लिए सक्रिय प्रचार किया।
और पढ़ें - 'रामायण' रिलीज से बनेगा 1st रिकॉर्ड? पुष्पा 2-RRR और अवतार 2 को ऐसे पछाड़ेगी
मिथुन चक्रवर्ती के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राहत की बात यह है कि सर्जरी सफल रही है और अभिनेता की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।