Ramayana Box Office Biggest Worldwide Release News: बताया जा रहा है कि अगर यह रिलीज प्लान सफल होता है तो रामायण कई बड़ी फिल्मों के थिएट्रिकल रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है। जानें क्या है मेकर्स का प्लान?
भारतीय सिनेमा की सबसे मचअवेटेड फिल्मों में से एक 'रामायण' रिलीज से पहले ही नए-नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस मेगा बजट फिल्म को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसे दुनियाभर में रिलीज से पहले ही दिन एक नया रिकॉर्ड बना लेगी। इतना ही नहीं ऐसा कहा जा रहा है कि यह फिल्म 'पुष्पा 2', 'RRR' और हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर 'Avatar: The Way of Water' जैसी फिल्मों के थिएट्रिकल रिलीज रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है।
भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी रिलीज बनने की तैयारी
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस पौराणिक फिल्म को लेकर अब एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माता नमित मल्होत्रा इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी थिएट्रिकल रिलीज बनाने की तैयारी में हैं। दावा किया जा रहा है कि फिल्म दुनिया भर में 59,000 से अधिक स्क्रीन्स पर रिलीज हो सकती है।
भारत में 9,000 और विदेशों में 50,000 स्क्रीन्स का लक्ष्य
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामायण को भारत में करीब 9,000 स्क्रीन्स पर रिलीज करने की योजना है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह फिल्म 50,000 से ज्यादा स्क्रीन्स तक पहुंच सकती है। अगर ऐसा होता है तो फिल्म की कुल ग्लोबल रिलीज लगभग 59,000 स्क्रीन्स तक पहुंच जाएगी, जो किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड होगा।
RRR, पुष्पा 2 और Avatar 2 को भी छोड़ सकती है पीछे
बताया जा रहा है कि अगर यह रिलीज प्लान सफल होता है तो रामायण कई बड़ी फिल्मों के थिएट्रिकल रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, RRR और पुष्पा 2 ने भी दुनियाभर में शानदार रिलीज हासिल की थी, लेकिन उनकी स्क्रीन संख्या इससे काफी कम थी। वहीं, हॉलीवुड निर्देशक जेम्स कैमरून की ब्लॉकबस्टर फिल्म Avatar: The Way of Water को भी करीब 52,000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। ऐसे में 59,000 स्क्रीन्स का आंकड़ा पार करने पर रामायण एक नया इतिहास रच सकती है।
Sony Pictures संभालेगी इंटरनेशनल रिलीज
फिल्म की वैश्विक रिलीज को और मजबूत बनाने के लिए Sony Pictures को इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी दी गई है। हॉलीवुड स्टूडियो का बड़ा ग्लोबल नेटवर्क फिल्म को दुनिया के कई देशों में व्यापक स्तर पर रिलीज करने में मदद करेगा। इससे मेकर्स की कोशिश है कि भारतीय दर्शकों के साथ-साथ विदेशी दर्शकों तक भी रामायण आसानी से पहुंचे।
और पढ़ें - 'सनी देओल बहुत प्रोफेशनल है', संजीदा शेख ने बताया धर्मेंद्र की डेथ के बाद का किस्सा
50 भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
रामायण को केवल बड़े पैमाने पर रिलीज ही नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे करीब 50 भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की योजना है। फिल्म के मेकर्स ने हाल ही में अंग्रेजी ट्रेलर भी जारी किया, जिसमें AI आधारित Lip-Sync Technology का इस्तेमाल किया गया। यह तकनीक DNEG द्वारा विकसित Brahma AI पर आधारित है, जिसकी मदद से कलाकारों के होंठ अलग-अलग भाषाओं के संवादों के साथ स्वाभाविक रूप से मेल खाते नजर आते हैं। इस तकनीक का उद्देश्य पारंपरिक डबिंग की बजाय दर्शकों को अधिक वास्तविक अनुभव देना है।
दो भागों में रिलीज होगी रामायण
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही रामायण दो भागों में रिलीज होगी।
- पहला पार्ट: 6 नवंबर 2026 (दिवाली)
- दूसरा पार्ट: दिवाली 2027
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में कई बड़े सितारे अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।
क्या बॉक्स ऑफिस पर भी बनेगा नया इतिहास?
फिल्म की रिलीज रणनीति को देखते हुए उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। हालांकि, इतनी बड़ी स्क्रीन रिलीज बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कमाई में बदल पाएगी या नहीं, इसका जवाब फिल्म रिलीज होने के बाद ही मिलेगा। फिलहाल इतना तय है कि रामायण भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक बन चुकी है और इसके हर अपडेट पर दुनियाभर के दर्शकों की नजर बनी हुई है।
