
बॉलीवुड एक्टर मुश्ताक खान अब हमारे बीच नहीं हैं। ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘स्त्री 2’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में अपने खास किरदारों से पहचान बनाने वाले एक्टर का 24 सितंबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन के बाद उनकी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद डरावना किस्सा फिर चर्चा में है। साल 2024 में मुश्ताक खान को एक फर्जी फिल्मी इवेंट के बहाने अगवा कर लिया गया था। करीब 12 घंटे तक वह किडनैपर्स के कब्जे में रहे, लेकिन सुबह अजान की आवाज सुनकर उन्हें पास में मस्जिद होने का अंदाजा हुआ और उन्होंने भागने का जोखिम उठाया।
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2024 के आखिर में मुश्ताक खान को राहुल सैनी नाम के एक शख्स का फोन आया था। उसने खुद को जान-पहचान वाला बताते हुए मेरठ में होने वाले एक अवॉर्ड फंक्शन में शामिल होने का ऑफर दिया। उन्हें बताया गया कि इवेंट में सीनियर एक्टर्स समेत कई लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इवेंट में आने की फीस 75 हजार रुपए तय हुई थी। मुश्ताक को एडवांस रकम के साथ मुंबई से दिल्ली की फ्लाइट का टिकट भी भेजा गया। सब कुछ सामान्य लग रहा था, इसलिए उन्हें किसी बड़ी साजिश का शक नहीं हुआ।
20 नवंबर को मुश्ताक दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट से उन्हें लेने के लिए कार आई, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद रास्ता बदल दिया गया। फिर उन्हें दूसरी गाड़ी में बैठाया गया और हथियारबंद लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनका चेहरा ढक दिया गया और उन्हें बिजनौर के पास एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया गया।
मुश्ताक के मुताबिक, किडनैपर्स ने उनसे 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। उन्हें भरोसा था कि बॉलीवुड फिल्मों में काम करने वाला एक्टर करोड़ों रुपये कमाता होगा। किडनैपर्स उन्हें बड़ा स्टार समझ लिए थे। किडनैपर्स ने ‘गदर 2’ की कमाई का भी हवाला दिया। उनका मानना था कि जब फिल्म ने करीब 500 करोड़ रुपये कमाए हैं तो मुश्ताक को भी करोड़ों रुपये मिले होंगे। एक्टर उन किडनैपर्स को समझाते रहे कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं। फिल्म की पूरी कमाई कलाकार को नहीं मिलती है। बल्कि शुरुआत में उनकी फीस तय हो जाती है। लेकिन किडनैपर्स ये मानने को तैयार नहीं थे।
मुश्ताक को करीब 12 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना भी हुई। किडनैपर्स ने उनके और उनके बेटे के बैंक अकाउंट से 2 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ट्रांसफर कर ली थी। लेकिन इसके बाद मुश्ताक को ऐसा मौका मिला, जिसने उनकी जान बचा दी।
और पढ़ें: Udaipur Files OTT : बॉक्स ऑफिस पर ढेर, अब डिजिटली स्ट्रीम होगी कन्हैयालाल मर्डर की कहानी
सुबह करीब 5:45 बजे मुश्ताक ने अजान की आवाज सुनी। उन्हें अंदाजा हो गया कि आसपास कोई मस्जिद जरूर होगी। इसी दौरान किडनैपर्स के सो जाने पर उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया। मौका मिलते ही मुश्ताक फिल्मी स्टाइल में वहां से भाग निकले और पास की मस्जिद पहुंच गए। वहां, लोकल लोगों की मदद से उन्होंने फैमिली से संपर्क किया और पुलिस पहुंची। इस तरह एक्टर की जान बची।
मुश्ताक खान हिंदी सिनेमा के जाने-पहचाने कैरेक्टर और कॉमिक एक्टर्स में शामिल रहे। उन्होंने 1980 में फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है ’ से स्क्रीन डेब्यू किया था। चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने ‘आशिकी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोड़़ी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वेलकम’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘वॉन्टेड’, ‘ओह माय गॉड!’, ‘गदर 2’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। वह टीवी और बाद के वर्षों में ओटीटी प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा रहे।
और पढ़ें: 'वेलकम’ एक्टर मुश्ताक खान का निधन, जानिए 56 साल के एक्टर को क्या हुआ था?
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।