
साउथ स्टार नानी की मच अवेटेड फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से A सर्टिफिकेट मिला है, इसके बावजूद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। बुधवार को पेड प्रीमियर के बाद गुरुवार को फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज हुई और शुरुआती आंकड़ों ने नानी के पिछले बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। ‘द पैराडाइज’ ने ओपनिंग के मामले में ‘दसरा’, ‘HIT 3’ और ‘सरिपोधा सनिवारम’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘द पैराडाइज’ ने भारत में पहले दिन 34.65 करोड़ रुपए नेट कमाए। पहले दिन इस फिल्म का प्रदर्शन 9,732 स्क्रीन्स पर हुआ और इसकी ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 62.56 फीसदी दर्ज की गई। फिल्म ने तेलुगु में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि इसके बाद हिंदी मार्केट का नंबर रहा। तमिल में इसकी कमाई तुलनात्मक रूप से सबसे कम रही।
यह भी पढ़ें : The Paradise Movie Review: नानी की ‘द पैराडाइज’ में क्या है खास और कहां हुई बड़ी चूक?
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘द पैराडाइज’ नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने उनकी पिछली बड़ी रिलीज को भी पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले नानी की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड ‘HIT: द थर्ड केस’ के नाम था। सैलेश कोलानु के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2025 में रिलीज हुई थी और A सर्टिफिकेट मिलने के बावजूद पहले दिन भारत में 21 करोड़ रुपए नेट कमाए थे। अब ‘द पैराडाइज’ ने इस आंकड़े को पार करते हुए नानी के लिए नया ओपनिंग रिकॉर्ड बना दिया है।
नानी की 2024 में आई फिल्म ‘सरिपोधा सनिवारम’ ने भारत में पहले दिन 9 करोड़ रुपए नेट का कलेक्शन किया था। वहीं 2023 में रिलीज हुई ‘दसरा’ ने ओपनिंग डे पर 23.20 करोड़ रुपए नेट कमाए थे। इसी साल नानी की एक और फिल्म ‘हाय नन्ना’ रिलीज हुई थी, जिसकी पहले दिन की कमाई 4.90 करोड़ रुपए नेट रही थी। अब ‘द पैराडाइज’ की ओपनिंग ने इन सभी फिल्मों के शुरुआती कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
'द पैराडाइज' ने बुधवार को पेड प्रीव्यूज से लगभग 11.60 करोड़ रुपए कमाए थे। कुल मिलाकर भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 46.25 करोड़ रुपए हो गया है और ग्रॉस कमाई 54.90 करोड़ रुपए पहुंच गई है। पहले दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से ग्रॉस लगभग 20 करोड़ रुपए कमाए। कुल मिलाकर वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 74.90 करोड़ रुपए हो गया है। माना जा रहा है कि दूसरे दिन यानी शुक्रवार को फिल्म दुनियाभर में आसानी से 100 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी।
‘द पैराडाइज’ की कहानी पैराडाइज नाम की एक काल्पनिक जगह पर रहने वाली सवारी जनजाति के इर्द-गिर्द घूमती है। यह समुदाय सरकार से कानूनी मान्यता हासिल करने की कोशिश करता है। कहानी में उनके सामने सिर्फ पहचान का सवाल नहीं है, बल्कि एक सामंती शासक का दबदबा भी है। यह शासक उनका शोषण करता है और उसके नियंत्रण से बाहर निकलने के लिए सवारी समुदाय संघर्ष करता है। इसी संघर्ष और व्यवस्था के खिलाफ उनकी लड़ाई फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है।
यह भी पढ़ें : The Paradise Advance Booking Day 1: नानी की 'द पैराडाइज' का तहलका, BO पर बना डाला यह रिकॉर्ड
फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है। फिल्म की स्टारकास्ट में नानी, मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी, कायडू लोहार और राघव जुयाल अहम भूमिकाओं में हैं। ‘दसरा’ के बाद श्रीकांत ओडेला और नानी की यह जोड़ी एक बार फिर साथ आई है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।