
अगर आप थिएटर के बजाय घर बैठे फिल्में और सीरीज देखना पसंद करते हैं, तो यह हफ्ता आपके लिए बेहद खास होने वाला है। 24 अगस्त से 30 अगस्त 2026 के बीच नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियोहॉटस्टार, जी5, सोनीलिव और एप्पल टीवी जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर करीब 25 नई फिल्में और टीवी शोज दस्तक देने वाले हैं। इस लिस्ट में बॉबी देओल की ‘बंदर’, ‘बबिता सिंह रिपोर्टिंग’, ‘चुंबक’ और माइकल जैक्सन की बायोपिक ‘माइकल’ जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
इस हफ्ते की सबसे चर्चित रिलीज में ‘बंदर’ का नाम सबसे ऊपर है। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बॉबी देओल लीड रोल में हैं। कहानी 50 साल के पूर्व टीवी और पॉप स्टार समर मेहरा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी एक गंभीर आरोप के बाद पूरी तरह बदल जाती है। फिल्म में सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, राज बी. शेट्टी और जितेंद्र जोशी भी नजर आएंगे। ‘बंदर’ 28 अगस्त को जी5 पर स्ट्रीम होगी।
और पढ़ें - ‘अल्फा’ को भी ‘आवारापन 2’ ने पछाड़ा, 200 करोड़ क्लब के इतने करीब
अगर आपको क्राइम और इन्वेस्टिगेशन वाली कहानियां पसंद हैं तो ‘बबिता सिंह रिपोर्टिंग’ आपके लिए दिलचस्प हो सकती है। इसमें निमिषा सजयन एक सस्पेंडेड पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी बचपन की दोस्त की हत्या के बाद खुद इस केस की जांच शुरू कर देती हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, मामला सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री नहीं रहता, बल्कि उसके अपने अतीत और रिश्तों से जुड़े कई राज भी सामने आने लगते हैं। यह सीरीज 28 अगस्त को प्राइम वीडियो पर आएगी।
कॉमेडी और फैमिली ड्रामा पसंद करने वालों के लिए ‘चुंबक’ भी इस हफ्ते रिलीज हो रही है। कहानी मुंबई की एक रिहायशी कॉलोनी में रहने वाले पांच परिवारों के इर्द-गिर्द है, जहां पड़ोसियों की जिंदगी इतनी आपस में जुड़ी है कि प्राइवेसी जैसी कोई चीज बचती ही नहीं। नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, सुमीत व्यास और संदीपा धर समेत कई कलाकार इसका हिस्सा हैं। ‘चुंबक’ 28 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
इस हफ्ते का सबसे बड़ा इंटरनेशनल आकर्षण ‘माइकल’ है। यह फिल्म दुनिया के महान पॉप स्टार माइकल जैक्सन की जिंदगी पर आधारित बायोग्राफिकल ड्रामा है। फिल्म में माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। कहानी उनके स्टारडम, कामयाबी, विवादों और निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दिखाने की कोशिश करती है। ‘माइकल’ का ओटीटी प्रीमियर 29 अगस्त को जियोहॉटस्टार पर होगा।
अगर आपको हॉरर और क्राइम थ्रिलर पसंद हैं तो ‘द व्हिस्पर मैन’ भी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। फिल्म में एक विधुर क्राइम राइटर के आठ साल के बेटे का अपहरण हो जाता है। इसके बाद वह अपने रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर पिता की मदद लेता है। आदम स्कॉट, रॉबर्ट डी नीरो और माइकल कीटन स्टारर यह फिल्म एक पुराने सीरियल किलर केस को बच्चे के अपहरण से जोड़ती है। फिल्म 28 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
साइंस-फिक्शन के शौकीनों के लिए ‘डार्क मैटर’ सीजन 2 भी इस हफ्ते दस्तक देगा। नई कहानी में जेसन और डेनिएला की जिंदगी फिर से अलग-अलग रियलिटीज के बीच उलझती नजर आएगी। यह सीरीज 28 अगस्त को एप्पल टीवी पर स्ट्रीम होगी।
नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज ‘ब्यूटी इन ब्लैक’ का तीसरा सीजन 27 अगस्त को रिलीज होगा। इस बार किम्मी हेयर-केयर बिजनेस एम्पायर में बड़ी जिम्मेदारी संभाल रही है, लेकिन परिवार के अंदर की दुश्मनी और ब्लैकमेलिंग उसकी मुश्किलें बढ़ाने वाली है।
भारतीय दर्शकों के लिए ‘द लास्ट सल्यूट’ भी खास रिलीज है। यह डॉक्यूमेंट्री भारतीय वायुसेना के साथ MiG-21 के 62 साल के सफर को दिखाती है। इसमें एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह समेत कई ऐसे पायलट शामिल हैं जिन्होंने इस ऐतिहासिक विमान को उड़ाया है। यह डॉक्यूमेंट्री 26 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
इसके अलावा ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI: एन एक्सटेंडेड लुक’, ‘माउसट्रैप’, ‘द सीक्रेट वुमन’, ‘ग्रेवयार्ड’ सीजन 3 और ‘द व्हिस्पर मैन’ जैसी रिलीज भी इस हफ्ते दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
अगर आप बॉबी देओल के फैन हैं तो ‘बंदर’, क्राइम थ्रिलर पसंद करते हैं तो ‘बबिता सिंह रिपोर्टिंग’ और ‘द व्हिस्पर मैन’, जबकि म्यूजिक और बायोपिक पसंद करने वालों के लिए ‘माइकल’ सबसे खास विकल्प हो सकता है। यानी 24 से 30 अगस्त का हफ्ता ओटीटी दर्शकों के लिए कंटेंट के लिहाज से काफी व्यस्त रहने वाला है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।