
MTV Splitsvilla Season 16 में हिस्सा लेने वाली कंटेस्टेंट प्रीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने एक परेशान करने वाली घटना का खुलासा किया है। प्रीत ने आरोप लगाया कि मुंबई के एक क्लब में उनके साथ मारपीट हुई, जिसमें उनका एक दांत टूट गया और उनकी आंखों में सूजन आ गई।
प्रीत सिंह ने अपने चेहरे का वीडियो शेयर करते हुए अपनी सूजी हुई आंखों का क्लोज-अप दिखाया। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि उन्होंने हमेशा सुना था कि मुंबई लड़कियों के लिए सुरक्षित शहर है, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका अनुभव ऐसा होगा। उन्होंने बताया कि वह अब भी कांप रही हैं, उनकी आंखें सूजी हुई हैं और चेहरे पर चोट के निशान हैं और वह समझने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर उनके साथ हुआ क्या है।
प्रीत ने उस रात की घटना के बारे में बताते हुए कहा कि वह अपनी दोस्त के साथ क्लब में बैठी थीं, तभी एक लड़की ने अचानक चिल्लाना शुरू कर दिया और सवाल किया कि उन्हें अंदर आने की अनुमति कैसे मिली। शुरुआत में यह सिर्फ एक बहस थी, लेकिन जल्द ही मामला हिंसक हो गया। उस लड़की का एक दोस्त बीच में आया और उसने प्रीत और उनकी दोस्त के साथ मारपीट की। प्रीत के अनुसार, उन्हें इतनी जोर से मारा गया कि उनका एक दांत टूट गया और चेहरा सूज गया। बाद में लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद प्रीत को पता चला कि विवाद करने वाली लड़की खुद को एक ‘इन्फ्लुएंसर’ बताती है। हालांकि, प्रीत सिंह ने अपनी पोस्ट में उस व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वह अभी भी इस बात से सदमे में हैं कि ऐसी घटना खुलेआम कैसे हो सकती है और किसी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए।
इस घटना के बाद MTV Splitsvilla Season 16 के अन्य कंटेस्टेंट्स और उनके दोस्तों ने उनका समर्थन किया। Zalak Gohil ने कहा कि वह रात एक बुरे सपने जैसी थी और प्रीत ने जो सहा, उसके बारे में खुलकर बोलने के लिए हिम्मत चाहिए। रूरु ठाकुर ने इसे बेहद गलत बताया और प्रीत से अपना ध्यान रखने को कहा। वहीं हिमांशु अरोड़ा ने भी उन्हें सपोर्ट देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वह उनके साथ हैं।
प्रीत सिंह को शो में ‘पैसा विला’ की कंटेस्टेंट के रूप में देखा गया था। मर्जर से पहले ही वह शो से बाहर हो गई थीं। वह विशु बजाज के साथ ‘ओरेकल’ के पास गई थीं, लेकिन उन्हें ‘आइडियल मैच’ घोषित नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें एलिमिनेट होना पड़ा। बता दें कि MTV Splitsvilla Season 16 को सनी लियोनी और करन कुंद्रा होस्ट करते हैं। यह शो JioHotstar पर देखा जा सकता है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।