
दिग्गज संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल फेम प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का निधन हो गया। 12 जुलाई को मुंबई में 78 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार और करीबी उन्हें प्यार से 'अम्मा' कहकर बुलाते थे। फिलहाल उनकी मौत की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। परिवार ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश जारी कर उनके शांत, स्नेहमयी और समर्पित जीवन को याद किया। सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार 13 जुलाई को मुंबई के सांताक्रूज़ श्मशान घाट में किया जाएगा, जहां कई दिग्गज हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।
प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला शर्मा ने 12 जुलाई को मुंबई में अंतिम सांस ली। फिलहाल परिवार की ओर से उनकी मौत का कारण शेयर नहीं किया गया है। परिवार ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश जारी करते हुए लिखा, "अम्मा ने गरिमा, समर्पण और शांत शक्ति से भरा जीवन जिया। वह उन सभी के लिए निस्वार्थ प्रेम का मजबूत स्तंभ थीं जो उन्हें जानते थे। हमारे दिल भारी हैं, लेकिन इस बात से सुकून है कि अब उन्हें शांति मिल गई है।" परिवार ने अपने संदेश का समापन इन भावुक शब्दों के साथ किया, "अम्मा, इस दुनिया में आपका सफर बेहद खूबसूरती से पूरा हुआ। ईश्वर आपकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करे।"
परिवार द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार 13 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे मुंबई के सांताक्रूज़ श्मशान घाट में किया जाएगा। संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।
सुनीला शर्मा पेशेवर गायिका नहीं थीं, लेकिन उन्होंने संगीतकार प्यारेलाल शर्मा के जीवन और करियर में हमेशा मजबूत सहारा बनकर साथ दिया। पिछले कुछ सालों में वह कई म्यूजिक रियलिटी शोज में प्यारेलाल के साथ नजर आती रही थीं और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाती थीं। 'इंडियन आइडल 13' के लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल स्पेशल एपिसोड में सुनीला शर्मा और प्यारेलाल विशेष अतिथि बनकर पहुंचे थे। इस दौरान प्रतियोगी संचारी सेन गुप्ता और उनकी मां ने सुनीला शर्मा को हाथ से डिजाइन की गई खास साड़ी भेंट की थी। यह पल शो के जज, प्रतियोगियों और दर्शकों के लिए बेहद भावुक बन गया था।
सुनीला शर्मा को 'इंडियन आइडल' के अलावा 'सा रे गा मा पा' और 'सुपरस्टार सिंगर' जैसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शोज में प्यारेलाल के साथ दिखाई देती थीं। वह अक्सर पारंपरिक आरती करतीं और प्रतियोगियों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रेरणादायक बातें कहती थीं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।