
राधिका आप्टे ने अपने करियर में ऐसी कई फिल्मों में काम किया है, जिनमें इंटीमेट और बोल्ड सीन कहानी का हिस्सा रहे। लेकिन एक्ट्रेस के मुताबिक उनकी पिछली फिल्मों को देखकर इंडस्ट्री में कुछ लोगों ने यह मानना शुरू कर दिया कि वह हर तरह के इंटीमेट सीन के लिए आसानी से तैयार हो जाएंगी। अब राधिका ने बताया है कि वक्त के साथ उनका नजरिया बदल गया है। वह किसी भी ऐसे सीन को करने से पहले उसका मकसद और कहानी में उसकी जरूरत समझना चाहती हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने सेट पर मिले कुछ अजीबोगरीब ऑफर्स को याद किया।
राधिका ने जूम से बातचीत में बताया कि करियर की शुरुआत में उन्होंने करीब चार-पांच फिल्मों में पूरी तरह न्यूड सीन किए थे। इसके बाद इंडस्ट्री के कुछ लोगों को लगने लगा कि वह किसी भी तरह का सीन करने के लिए तैयार हो जाएंगी। राधिका ने एक घटना याद करते हुए कहा, “शुरुआत में मैंने करीब चार-पांच फिल्में की हैं, जिनमें मैं पूरी तरह न्यूड हूं। तो इनमें से एक बार कुछ लोग बैठे थे और उन्होंने कहा, ‘ये तो कर लेगी।’ तो मुझे उन्हें बताना पड़ा कि, ‘सुनिए, मैं ये वास्तव में नहीं करूंगी, क्योंकि मैं ये पहले कर चुकी हूं।’"
एक्ट्रेस ने बताया कि अब वह किसी भी इंटीमेट सीन के पीछे की वजह जानना चाहती हैं। उनके मुताबिक वह फिल्ममेकर्स से साफ पूछती हैं कि किसी खास मौके पर किसिंग सीन की जरूरत क्यों है। राधिका ने कहा, “अब मैं और भी ज्यादा जानती हूं। मैं चाहती हूं कि वे मुझे समझाएं, ‘आप मुझे ऐसा क्यों करवाना चाहते हैं? जैसे, मैं अभी उसे किस क्यों करूं?’” जब उन्हें जवाब में सिर्फ “थोड़ा-थोड़ा” कहा गया तो वह हैरान रह गईं। राधिका ने बताया कि कई लोगों का जवाब ऐसा ही होता है- “थोड़ा किसिंग, थोड़ा, 15 सेकंड का इम्प्रोवाइज।” इस पर उन्होंने कहा, “सॉरी, क्या?” और बताया कि ऐसे जवाब उन्हें वाकई काफी मजेदार लगते हैं।
राधिका ने एक और घटना साझा की, जिसमें उन्हें एक्शन सीन के दौरान शर्ट के बटन न लगाने का सुझाव दिया गया। उन्होंने कहा कि जब वह एक्शन सीक्वेंस है तो शर्ट का मूव करना स्वाभाविक है। लेकिन बात आगे बढ़कर इस सवाल तक पहुंच गई कि क्या वह सिर्फ ब्रा और अंडरवियर में यह सीन कर सकती हैं। राधिका ने पूछा, “हम हासिल क्या करना चाहते हैं?” जवाब मिला, “लेकिन आप अपने शॉट्स ऐसे देती हैं।” एक्ट्रेस ने कहा कि वह उस प्रोजेक्ट का नाम नहीं ले सकतीं, क्योंकि लोग जानकर हैरान हो जाएंगे। उन्होंने वह सीन करने से इनकार कर दिया।
राधिका का मानना है कि किसी प्रोजेक्ट को ज्यादा सफल बनाने के लिए कलाकारों पर उनकी सीमाओं से बाहर जाकर सीन करने का दबाव नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक फिल्ममेकर्स को एक्टर की पसंद और निजी सीमाओं का सम्मान करना चाहिए और किसी भी सीन की जरूरत को स्पष्ट तरीके से समझाना चाहिए।
वर्कफ्रंट की बात करें तो राधिका आप्टे फिलहाल नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘लस्ट स्टोरीज 3’ में नजर आ रही हैं। फिल्म में उनके साथ कोंकणा सेन शर्मा, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, गुरफतेह पीरजादा, सना थंपी, अली फजल, राधिका मदान, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।